नई दिल्ली। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए किसी माफिया या गुंडे में दुस्साहस नहीं है कि वो किसी पर्व या त्योहार में व्यवधान पैदा करे या उपद्रव करे।
अगर किसी ने पर्व और त्योहारों में व्यवधान डाला तो रावण और कंस जैसी उसकी दुर्गति तय है। यह तय है कि बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले को यमराज इंतजार करते मिलेंगे। आज माफिया खुली जीप में पिस्तौल लहराते हुए किसी हिंदू को धमका नहीं सकता है। योगी मऊ में ग्रामीण सैनिक अस्पताल के लोकार्पण करने पहुंचे थे और वहीं उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते यह बातें कहीं।
योगी ने सपा के शासन काल की बदहाली भी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी तो माफिया और गुंडों के सामने नतमस्तक थी, उनके सामने नाक रगड़ती थी। इनके नेता माफिया को देखकर पसीने छोड़ते थे। समाजवादी पार्टी के लोग जो आज उपदेश देते फिरते हैं उनसे पूछा जाना चाहिए कि आज प्रदेश के 65 लाख गरीबों को जो आवास मिला है वो इनकी सरकारों में क्यों नहीं हुआ? कांग्रेस को घेरते हुए योगी बोले, इनका शासन तो देश में सर्वाधिक रहा इन्होंने ऐसा क्यों नहीं किया? पहले माफिया और पार्टी विशेष के गुंडे जबरन गरीब की जमीन पर कब्जा करते थे, अब करेंगे तो उसे मालूम है कि बुलडोजर आएगा।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, आपका एक वोट 500 वर्षों की गुलामी के कलंक को धोकर श्री अयोध्या धाम में राम मंदिर का निर्माण कर देता है, यह है वोट की ताकत। कोई भी सच्चा भारतीय अपने जीवन का सबसे आनंददायक क्षण वह मानता है, जब श्री अयोध्या धाम में श्रीराम मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कर-कमलों से संपन्न हुआ। प्रभु श्री राम हम सबके लिए एक प्रेरणा हैं, हमारे जीवन की मर्यादा हैं, हम सबके जीवन के आदर्श हैं।

