अलीगढ़ में ऑपरेशन कन्विक्शन: अपराधियों को कड़ी सजा, पुलिस सख्त (Photo- Newstrack)
Operation Conviction in Aligarh: Criminals handcuffed, Police SakhtAligarh News: अलीगढ़। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन कन्विक्शन' के तहत अलीगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के निर्देशन में की गई प्रभावी विवेचना और सशक्त पैरवी के चलते विभिन्न गंभीर मामलों में दोषियों को कठोर सजा दिलाई गई है। इस कार्रवाई से अपराधियों में भय का माहौल बना है और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक सख्त संदेश गया है।
हत्या के मामले में पांच दोषियों को उम्रकैद
थाना इगलास क्षेत्र में दर्ज मु0अ0सं0 581/21, धारा 147/148/149/302/307/504/506 भादवि के तहत हत्या के एक मामले में न्यायालय ने पांच आरोपियों को दोषी करार दिया है। पुलिस की ठोस जांच और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी के आधार पर न्यायालय ने राजेंद्र, श्रीकृष्ण, श्रीकांत, ऋषिकांत और नीरज (सभी निवासी हस्तपुर, थाना इगलास) को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही प्रत्येक दोषी पर 20,500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया। यह फैसला पुलिस की सटीक कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया की मजबूती को दर्शाता है।
दुष्कर्म मामले में 20 साल की सजा
वहीं थाना दादों क्षेत्र में दर्ज मु0अ0सं0 52/21, धारा 376(2)(झ)/506 भादवि व 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत किशोरी से दुष्कर्म के मामले में भी न्यायालय ने सख्त रुख अपनाया। इस प्रकरण में अभियुक्त पुष्पेंद्र को स्पेशल पॉक्सो एक्ट न्यायालय ने दोषी ठहराते हुए 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। साथ ही उस पर 15,000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया। इस फैसले से पीड़िता को न्याय मिला और समाज में एक मजबूत संदेश गया।
अलीगढ़ पुलिस द्वारा 'ऑपरेशन कन्विक्शन' के तहत की जा रही त्वरित और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई से अपराधियों में डर का माहौल है। एसएसपी नीरज कुमार जादौन के नेतृत्व में पुलिस लगातार ऐसे मामलों में सख्त कदम उठा रही है। यह स्पष्ट किया गया है कि अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कानून के दायरे में लाकर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

