धनीपुर मंडी में बढ़ेंगी सुविधाएं, सफाई और सुरक्षा पर फोकस (Photo- Newstrack)
Focus on raising facilities, cleanliness and safety in Dhanipur MandiAligarh News: जनपद की प्रमुख कृषि मंडी धनीपुर में किसानों, व्यापारियों और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रशासन ने सुधार कार्य तेज कर दिए हैं।
सभापति मंडी एवं नगर मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता ने मंडी प्रशासन को निर्देश दिए हैं। कि स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्था को उच्च स्तर पर बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा। कि धनीपुर मंडी न केवल जिले बल्कि प्रदेश की महत्वपूर्ण मंडियों में से एक है, इसलिए यहां की व्यवस्थाओं में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।
धनीपुर मंडी परिसर में किया जाएगा सुधार कार्य
अलीगढ़ नगर मजिस्ट्रेट ने मंडी सचिव मुकेश कुमार त्रिपाठी को निर्देशित किया कि मंडी परिसर में नियमित सफाई कराई जाए, जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए और आवागमन को सुगम रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसानों और व्यापारियों से मिलने वाली शिकायतों और सुझावों पर तुरंत कार्रवाई हो ताकि आने वाले लोगों को असुविधा न हो।
मंडी सचिव मुकेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि निर्देशों के बाद सफाई अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पेयजल व्यवस्था को बेहतर किया जा रहा है, खराब लाइटों को ठीक कर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है और जल निकासी को प्रभावी बनाने के लिए काम हो रहा है। सब्जी मंडी और अन्य व्यापारिक क्षेत्रों में आवाजाही सुचारु रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। नियमित निरीक्षण और निगरानी के साथ समय-समय पर मरम्मत और सुधार कार्य भी कराए जा रहे हैं।
किसानों, व्यापारियों और आमजन से भी अपील
त्रिपाठी ने कहा कि धनीपुर मंडी करोड़ों रुपये के कृषि व्यापार का केंद्र है। इसकी गरिमा और सुव्यवस्थित संचालन बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंडी को और अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। मंडी प्रशासन ने किसानों, व्यापारियों और आमजन से भी अपील की है कि वे स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

