Aligarh News: भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा उस समय देखने को मिला, जब अलीगढ़ से शिवभक्तों का एक जत्था पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए बालटाल मार्ग से रवाना हुआ।
यात्रा पर निकलने से पहले श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के गगनभेदी जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
यात्रा पर रवाना होने वाले श्रद्धालुओं में केनरा बैंक रामघाट शाखा के दीपेश कुमार, डीएम कार्यालय के एसीआरए राजेश कुमार, एसी स्टांप मृदुल गुप्ता, स्टेनो नवनीत कुमार, सचिन शर्मा सहित कई अन्य शिवभक्त शामिल हैं। सभी श्रद्धालु बालटाल मार्ग से बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा तक पहुंचकर प्राकृतिक हिम शिवलिंग के दर्शन और पूजन करेंगे।
श्रद्धालु ने कहा कि अमरनाथ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मिक शांति, श्रद्धा, समर्पण और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम है। बाबा बर्फानी के दर्शन प्रत्येक शिवभक्त के जीवन का सबसे पवित्र और अविस्मरणीय क्षण होता है। उन्होंने सभी यात्रियों से प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की। साथ ही देश, समाज और मानव कल्याण के लिए प्रार्थना करने का संदेश भी दिया।
श्रद्धालुओं के रवाना होने के दौरान परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें पुष्पमालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दीं तथा बाबा अमरनाथ से सभी के सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। पूरे माहौल में भक्ति, उत्साह और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। यात्रियों के चेहरों पर बाबा बर्फानी के दर्शन की खुशी साफ झलक रही थी।

