Aligarh News : जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में तकनीकी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मंगलायतन विश्वविद्यालय ने फिजियोथेरेपी शिक्षा को नई ऊंचाई प्रदान की है।
विश्वविद्यालय के फिजियोथेरेपी विभाग में अत्याधुनिक एक्सरसाइज थेरेपी लैब का उद्घाटन सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सीडीओ योगेंद्र कुमार ने कहा कि आज के समय में फिजियोथेरेपी चिकित्सा का एक अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। दवाओं के साथ-साथ व्यायाम और पुनर्वास आधारित उपचार मरीजों को तेजी से स्वस्थ करने में मदद करता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की आधुनिक लैब छात्रों को वैश्विक स्तर की प्रोफेशनल ट्रेनिंग प्रदान करेंगी और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेंगी।
छात्रों को मिलेगा वैश्विक प्रशिक्षण
कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने कहा कि विश्वविद्यालय चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता और शोध कार्यों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस नई लैब का उद्देश्य छात्रों को मस्कुलोस्केलेटल समस्याओं, उन्नत पुनर्वास तकनीकों और व्यायाम आधारित उपचार की हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग देना है, जिससे छात्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने बताया कि आधुनिक उपकरणों के माध्यम से प्रशिक्षण मिलने से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में सक्षम होंगे। विभाग के प्राचार्य डॉ. केके शर्मा ने कहा कि यहां छात्रों को प्रैक्टिकल केस स्टडी और एडवांस थेरेपी प्रोटोकॉल की जानकारी दी जाएगी।
लैब उद्घाटन समारोह
इस कार्यक्रम में कुलसचिव मनोज के. ने मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। इस अवसर पर वित्त अधिकारी मनोज गुप्ता, अल्का सिंह, अन्नपूर्णा, स्वाती, दिव्या पांडेय, ज्योति यादव, नेहा रानी, सत्यम गौड़, कुलदीप शर्मा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक और छात्र बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में नई पहल
यह नई एक्सरसाइज थेरेपी लैब न केवल फिजियोथेरेपी शिक्षा को मजबूती देगी, बल्कि क्षेत्र के स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार लाने में सहायक साबित होगी। इससे छात्रों को आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा और वे भविष्य में बेहतर चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान कर सकेंगे।

