Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Aligarh News: रक्षाबंधन से पहले सपा ने बांटे 500 ग्राम चीनी के PDA पैकेट, BJP पर साधा निशाना

Aligarh News: रक्षाबंधन से पहले सपा ने बांटे 500 ग्राम चीनी के PDA पैकेट, BJP पर साधा निशाना

Newstrack 2 weeks ago

Aligarh News: देश भर में चीनी के दामों में अचानक आई करीब 20 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी अब अलीगढ़ में सियासी मुद्दा बन गई है। रक्षाबंधन त्योहार से ठीक पहले समाजवादी पार्टी ने इस महंगाई को हथियार बनाते हुए गरीब और जरूरतमंद परिवारों में मुफ्त चीनी का वितरण शुरू कर दिया है।

सपा ने इस अभियान को "PDA समाजवादी सेवा संकल्प निःशुल्क चीनी वितरण" नाम दिया है। गुरुवार को अलीगढ़ में सपा के जिला महासचिव मनोज यादव और महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क थाना क्षेत्र की मलिन बस्ती शीशियापाड़ा समेत कई झुग्गी-बस्तियों में जाकर 500-500 ग्राम के चीनी के पैकेट बांटे।

कार्यक्रम के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार में त्योहारों से पहले ही महंगाई की मार गरीबों की कमर तोड़ रही है। रक्षाबंधन जैसे पवित्र त्योहार पर जब हर घर में मीठा बनना चाहिए, तब बाजार में चीनी के दाम आसमान छू रहे हैं। सरकार गरीब की थाली से मिठास छीन रही है, इसलिए समाजवादी पार्टी PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) परिवारों के साथ खड़ी है।

जिला महासचिव मनोज यादव ने बाइट में कहा, "प्रदेश में महंगाई चरम पर है। चीनी जो 40 रुपये किलो थी, आज 60 रुपये के पार चली गई है। गरीब आदमी क्या खाएगा? क्या पिएगा? हमारी नेता और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी के निर्देश पर हम जनता के बीच PDA का संदेश लेकर आए हैं। यह सिर्फ चीनी नहीं, सम्मान की मिठास है।"

वहीं महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी ने कहा, "भाजपा सिर्फ बड़े-बड़े वादे करती है। जमीन पर गरीब भूखा है। रक्षाबंधन पर बहनें मीठा कैसे बनाएंगी? इसलिए हमने तय किया है। कि शहर की हर मलिन बस्ती में मुफ्त चीनी पहुंचाएंगे। यह सरकार को आइना दिखाने का हमारा तरीका है।" सपा के इस कदम के बाद अलीगढ़ की सियासत गर्मा गई है। एक तरफ भाजपा इसे स्टंट बता रही है। तो वहीं आम जनता में इस वितरण को लेकर चर्चा तेज है। शीशियापाड़ा बस्ती की महिलाओं ने मुफ्त चीनी मिलने पर खुशी जताई और कहा कि इस महंगाई में 500 ग्राम चीनी भी बहुत है।

गौरतलब है। कि पिछले 15 दिनों में चीनी के थोक और खुदरा दामों में भारी उछाल देखा गया है, जिसे गन्ना उत्पादन में कमी और जमाखोरी से जोड़कर देखा जा रहा है। अब अलीगढ़ से शुरू हुई चीनी पर यह सियासत प्रदेश भर में नया मुद्दा बन सकती है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi