शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर, DM-SSP ने ICCC का किया निरीक्षण, परखी सुरक्षा व्यवस्था (Photo- Newstrack)
DM-SSP inspects ICCC, checks security arrangementsAligarh News: शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार , वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन और नगर आयुक्त ने हैबीटेट सेंटर स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) का औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने शहर भर में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग कर उनकी कार्यशीलता, कवरेज और तकनीकी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कंट्रोल सेंटर में संचालित निगरानी प्रणाली, कैमरों की गुणवत्ता, रिकॉर्डिंग व्यवस्था और रियल-टाइम मॉनिटरिंग की समीक्षा की गई।
संदिग्ध गतिविधियों पर रहेगी सीसीटीवी कैमरों की नजर
अधिकारियों ने मौजूद कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी कैमरे हर समय पूरी तरह सक्रिय और सुचारु रूप से कार्य करते रहें, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके।
अलीगढ़ डीएम अविनाश कुमार और एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम और यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए संवेदनशील तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही कैमरों में आने वाली तकनीकी खराबियों को तत्काल दूर करने और मॉनिटरिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों ने कंट्रोल रूम के कर्मचारियों से निगरानी प्रणाली के संचालन की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर शहर की सुरक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए इसकी कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात प्रवीन कुमार सहित नगर निगम और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा जताया कि अत्याधुनिक निगरानी व्यवस्था से अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और आमजन की सुरक्षा को और अधिक मजबूती मिलेगी।

