Amethi News: अमेठी बस स्टॉप पर भीषण गर्मी में बस यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से राघव राम सेवा संस्थान की ओर से यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उद्योगपति राजेश अग्रहरि ने संस्थान की ओर से बस स्टॉप पर वाटर कूलर, हाइब्रिड कूलर, पंखे और बैठने के लिए कुर्सियां उपलब्ध कराईं।
इस पहल से अमेठी के अतिरिक्त सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली समेत आसपास के कई जनपदों से आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को गर्मी के मौसम में राहत मिलेगी।
राजेश अग्रहरि ने मीडिया से बातचीत करते हुए सोमवार को बताया कि "जैसा राजा वैसी प्रजा"-हम देख रहे हैं कि हमारे प्रदेश और देश के मुखिया आम लोगों की राहत के लिए सदैव कार्य कर रहे हैं। उन्हीं से प्रेरणा लेकर हम भी जनहित में अच्छे कार्य करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि आते-जाते उन्होंने देखा कि बस स्टॉप पर आम लोग बस के इंतजार में गर्मी में खड़े रहते हैं। उनके दुख-दर्द को समझते हुए उन्होंने लगभग ₹5 लाख की लागत से वहां वाटर कूलर, बैठने के लिए बेंच और हवा के लिए पंखे एवं कूलर की व्यवस्था कराई है।
राघव राम सेवा संस्थान की ओर से अमेठी बस स्टॉप पर यात्रियों की सुविधाओं में बड़ा सुधार किया गया है। संस्थान की तरफ से जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उद्योगपति राजेश अग्रहरि ने सोमवार को यात्रियों के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए। बस स्टॉप पर लगाए गए वाटर कूलर से ठंडा पानी मिलेगा, जबकि हाइब्रिड कूलर और पंखे यात्रियों को उमस भरी गर्मी से राहत देंगे।लंबे समय से बस का इंतजार करने वाले यात्रियों को पेयजल और गर्मी से बचाव जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ता था। जनहित को ध्यान में रखते हुए की गई इस पहल से अब यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और राहतपूर्ण अनुभव मिलेगा।

