Dailyhunt
Balrampur News: बलरामपुर में 5 दिन से लापता युवक, पत्नी ने लगाई न्याय की गुहार

Balrampur News: बलरामपुर में 5 दिन से लापता युवक, पत्नी ने लगाई न्याय की गुहार

Newstrack 1 week ago

लरामपुर में 5 दिन से लापता युवक, पत्नी ने लगाई न्याय की गुहार (Photo- Newstrack)

Youth missing for 5 days in Balrampur, wife pleads for justice

Balrampur News: बलरामपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत महादेव मिश्र में एक महिला पिछले पांच दिनों से अपने लापता पति की तलाश में भटक रही है।

पीड़िता किरन देवी ने मीडिया के सामने आकर न्याय की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि उनके पति दीपक कुमार को पुलिस अपने साथ ले गई, लेकिन अब तक न तो उन्हें अदालत में पेश किया गया है और न ही परिवार को उनसे मिलने दिया जा रहा है।

पति की तलाश में दर-दर भटक रही महिला

किरन देवी के अनुसार, उनके पति दीपक कुमार 28 अप्रैल को एक गांव में तिलक समारोह में कैमरा ऑपरेटर के रूप में गए थे। वहीं से देहात कोतवाली पुलिस उन्हें एक पुराने मामले में उठाकर थाने ले आई। महिला का कहना है कि तब से अब तक उनके पति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। परिवार के लोग कई बार थाने पहुंचे, लेकिन हर बार उन्हें मिलने से मना कर दिया गया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति के खिलाफ दर्ज मुकदमा झूठा है और यह मामला पैसों के लेन-देन के विवाद से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले दीपक का एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और उनका इलाज अभी चल ही रहा था। ऐसे में अचानक हिरासत में लिए जाने से परिवार की चिंता और बढ़ गई है।

पुलिस का पक्ष, उठ रहे सवाल

महिला ने बताया कि उनकी दो छोटी बेटियां हैं-एक 10 साल की और दूसरी 3 साल की-जो अपने पिता के इंतजार में हैं। परिवार इस समय आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है।

वहीं, इस मामले में देहात कोतवाली प्रभारी गिरजेश कुमार तिवारी ने बताया कि दीपक कुमार को पूर्व में दर्ज चोरी के मामले में हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि युवक हिरासत में है, तो नियमानुसार समय पर उसे अदालत में पेश क्यों नहीं किया गया और परिवार को उससे मिलने क्यों नहीं दिया जा रहा। पीड़ित परिवार अब न्याय की मांग कर रहा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi