प्रेमिका से मिलने न मिलने की नाराजगी में युवक हाईटेंशन टावर पर चढ़ा, हुआ खूब ड्रामा (Photo- Newstrack)
Youth climb at tower in frustration of not meeting girlfriendBarabanki News: बाराबंकी।
मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम बांसा में मंगलवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक करीब 25 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। युवक के इस कदम से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। करीब एक घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों की मशक्कत से युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बांसा निवासी विशाल पुत्र चन्द्रिका प्रसाद मसौली-बांसा भूलीगंज मार्ग के किनारे स्थित टावर पर चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक टावर पर चढ़कर अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र कर रहा था। नीचे उतरने के बाद उसने पुलिस के सामने बताया कि घर वाले उसे उसकी प्रेमिका से मिलने नहीं देते और घर में खड़ी बाइक भी चलाने नहीं देते, जिससे वह काफी नाराज था।
युवक को समझाने के बाद नीचे उतरा
बताया जा रहा है कि विशाल हाईटेंशन लाइन के बेहद करीब पहुंच गया था, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही मसौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, युवक का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। चार दिन पहले युवती के परिजनों से उसकी कहासुनी भी हुई थी, जिसके बाद से वह तनाव में था। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि युवक शराब पीने का आदी है और घटना के समय भी उसके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
युवक के हाईटेंशन टावर पर चढ़ने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से संभावित बड़ा हादसा टल गया।

