Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रेम विवाह के महज ढाई महीने बाद हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ढाई माह पहले हुई थी शादी
मिली जानकारी के अनुसार, जनपद के थाना सुभाष नगर क्षेत्र के बिहारीपुर वाल्मीकि मंदिर के पास रहने वाली शालू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन शालिनी ने 19 फरवरी को अक्षय के साथ प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष शालिनी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा और उससे कार की मांग की जा रही थी।
जान को बताया था खतरा
परिजनों के अनुसार, शालिनी ने घटना से पहले फोन कर अपनी जान को खतरा बताया था। आरोप है कि 2 मई की सुबह उसने रोते हुए अपने भाई को बताया कि उसे मायके नहीं जाने दिया जा रहा और उसके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। इसके बाद शनिवार रात अक्षय ने फोन कर शालिनी की तबीयत खराब होने की सूचना दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो शालिनी मृत अवस्था में पाई गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इस संबंध में थाना सुभाष नगर के इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन ने बताया कि मृतका के पति अक्षय, सास गीता समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

