दिलफेंक दरोगा ने कहा- तुम बहुत खूबसूरत हो, महिला की शिकायत पर एसएसपी ने किया निलंबित (Photo- Newstrack)
Daroga suspended by SSP over woman's complaintBareilly News: यूपी के बरेली में एक दरोगा का दिल एक महिला पर आ गया।
महिला अपने पति की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। उसने दरोगा जी से कहा कि मेरा पति मुझे बहुत मारता पीटता है। वो मुझसे प्यार भी नहीं करता है। जिस पर दारोगा ने महिला से कहा तुम चिंता मत करो, मै तुम्हारा साथ दूंगा। महिला का कहना है कि दरोगा ने पहले सहानुभूति दिखाई, फिर कहा कि उसके कप्तान (SSP) से अच्छे संबंध हैं और वह पुलिस विभाग में उसकी नौकरी लगवा देगा। इतना ही नहीं, उसने अपनी पत्नी को तलाक देकर शादी करने का भरोसा भी दिया।
महिला का आरोप है कि इन्हीं वादों के भरोसे उसने उसका विश्वास जीता और फिर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। अब दरोगा ने उससे दूरी बना ली है। मंगलवार को पीड़िता ने SSP से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। मामले में एसएसपी अनुराग आर्य ने आरोपी दारोगा को निलंबित कर मामले की जांच एसपी साउथ अंशिका वर्मा को सौंपी है
पति से विवाद के बाद थाने पहुंची थी महिला
बारादरी क्षेत्र की नई बस्ती माधोबाड़ी निवासी महिला ने बताया कि वर्ष 2022 से उसका पति से विवाद चल रहा है और वह अलग रह रही है। वर्ष 2025 में वह पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत लेकर बारादरी थाने पहुंची थी। यहीं उसकी मुलाकात थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक (दरोगा) से हुई।
महिला का आरोप है कि दरोगा ने पहले उसकी परेशानी सुनी, फिर मदद का भरोसा दिलाया। उसने कहा कि पुलिस विभाग में उसकी अच्छी पकड़ है और कप्तान से सीधे संबंध होने के कारण वह उसकी नौकरी लगवा सकता है। इसके साथ ही उसने अपनी पत्नी को तलाक देकर महिला से शादी करने का भी वादा किया।

शादी का झांसा देकर बनाए संबंध
पीड़िता का आरोप है कि शादी का भरोसा दिलाने के बाद दरोगा लगातार उसके संपर्क में रहने लगा। वह उसके घर आने-जाने लगा और बाद में कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का कहना है कि वह दरोगा की बातों पर भरोसा करती रही क्योंकि उसे विश्वास था कि दोनों शादी करेंगे।
महिला के मुताबिक, करवा चौथ 2025 के बाद आरोपी दरोगा उसके घर पर ही रहने लगा। इसी दौरान दोनों साथ रहने लगे। महिला का कहना है कि उसने पूरी तरह दरोगा पर भरोसा कर लिया था और उसे अपना जीवनसाथी मानने लगी थी।
बेटे की शादी का बहाना, 8 लाख के जेवर ले जाने का आरोप..
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि फरवरी 2026 में दरोगा ने अपने बेटे की शादी का हवाला देकर उससे करीब आठ लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर ले लिए। बाद में जब उसने जेवर वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा। विरोध करने पर उसे धमकाया भी गया।
गर्भ ठहरने पर जबरन गर्भपात कराने का आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में गंभीर आरोप लगाया है कि जब दरोगा को उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली तो उसने 12 मई 2026 को जबरन गर्भपात की दवा खिला दी। दवा खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। महिला का कहना है कि इस घटना के बाद भी आरोपी ने उसकी कोई मदद नहीं की।
पत्नी और बेटों के साथ घर पहुंचा, मारपीट का आरोप
पीड़िता के अनुसार, 23 मई 2026 को आरोपी दरोगा अपनी पत्नी और बेटों के साथ उसके घर पहुंचा। वहां गाली-गलौज की गई और उसके साथ मारपीट भी की गई। महिला ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए।
सड़क हादसे के बाद भी की मदद, फिर परिवार ने किया अपमान
महिला ने बताया कि 4/5 जुलाई 2026 की रात आरोपी दरोगा सड़क हादसे में घायल हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर उसने ही उसे अस्पताल में भर्ती कराया और इलाज का खर्च भी उठाया। लेकिन अगले दिन अस्पताल पहुंचे दरोगा के परिवार वालों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और आरोपी को अपने साथ ले गए। इसके बाद दरोगा ने उससे सभी संबंध खत्म कर लिए।
पुलिस विभाग में प्रभाव का डर दिखाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार पुलिस विभाग में अपनी पकड़ और प्रभाव का हवाला देकर उसे डराता-धमकाता रहा। वह कहता था कि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। इसी कारण वह काफी समय तक शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा सकी।
SSP से लगाई न्याय की गुहार
मंगलवार को पीड़िता SSP कार्यालय पहुंची और शिकायती पत्र देकर आरोपी दरोगा, उसकी पत्नी और बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। महिला का कहना है कि उसके साथ विश्वासघात, शारीरिक शोषण, आर्थिक धोखाधड़ी और मारपीट हुई है, इसलिए उसे न्याय दिलाया जाए।
एसएसपी बरेली अनुराग आर्य ने आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया है और मामले की जांच एसपी साउथ अंशिका वर्मा को सौंपी है।

