Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Chandauli News : चंदौली में तीन बच्चे लापता, पुलिस ने शुरू की सीसीटीवी जांच

Chandauli News : चंदौली में तीन बच्चे लापता, पुलिस ने शुरू की सीसीटीवी जांच

Newstrack 1 month ago

Chandauli News : चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बेचुपुर नई बस्ती गांव से सोमवार को तीन मासूम बच्चों के अचानक लापता हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे दोपहर करीब 12 बजे रोज की तरह घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई।

लापता बच्चों की पहचान नई बस्ती बेचुपुर निवासी पलक (13 वर्ष), अमीर (7 वर्ष) और आयात (6 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बच्चे आपस में चचेरे भाई-बहन बताए जा रहे हैं। परिजनों ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा कि बच्चे थोड़ी देर में घर लौट आएंगे, लेकिन जब तीन घंटे बीत जाने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला, तो परिवार के लोग घबरा गए और उनकी तलाश शुरू की।

परिजनों ने बच्चों को मोहल्ले, आसपास के मैदान, सड़कों और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजा, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चों का पता नहीं चला, तो परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित तहरीर देकर मदद की गुहार लगाई।सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले को गंभीरता से लेते हुए अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस टीम ने बच्चों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बच्चों की आखिरी लोकेशन का पता लगाया जा सके।

इस संबंध में थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। बच्चों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है और पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है कि बच्चों को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जा सके।इस घटना के बाद पूरे इलाके में चिंता और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग भी बच्चों की तलाश में परिवार का सहयोग कर रहे हैं और सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi