Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Chandauli News: डिम्पी गर्ग बने पूर्व मध्य रेल के नए महाप्रबंधक, संभाला पदभार

Chandauli News: डिम्पी गर्ग बने पूर्व मध्य रेल के नए महाप्रबंधक, संभाला पदभार

Newstrack 3 days ago

Chandauli News: भारतीय रेल सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डिम्पी गर्ग ने 01 सितंबर 2026 को पूर्व मध्य रेल के नए महाप्रबंधक के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले वे उत्तर रेलवे, नई दिल्ली में प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता के पद पर कार्यरत थे।

उनके लंबे अनुभव और कुशल नेतृत्व से पूर्व मध्य रेल की परिचालन क्षमता, संरक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास को एक नई गति मिलने की उम्मीद है।

डिम्पी गर्ग 'भारतीय रेल यांत्रिक इंजीनियरिंग सेवा' के 1990 बैच के अधिकारी हैं। वे 'स्पेशल क्लास रेलवे अप्रेंटिसशिप' के माध्यम से भारतीय रेल में शामिल हुए थे, जहां वे अपने बैच के टॉपर और गोल्ड मेडलिस्ट रहे। उन्होंने अपने 32 से अधिक वर्षों के करियर में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर, रोलिंग स्टॉक, संरक्षा, परिचालन और नीति निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

कई महत्वपूर्ण पदों पर दे चुके हैं सेवाएं

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत पश्चिम रेलवे के आबू रोड में एएमई (डीजल) के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने उत्तर रेलवे और रेलवे बोर्ड में कई प्रमुख पदों पर जिम्मेदारी निभाई। वे दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे में प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी, RVNL में अपर महाप्रबंधक और रेलवे बोर्ड में कार्यकारी निदेशक (कोचिंग एवं संरक्षा) जैसे अहम पदों पर कार्य कर चुके हैं।

उत्कृष्ट कार्यों के लिए रेल मंत्री पुरस्कार से सम्मानित

रेलवे इंजीनियरिंग और परियोजना प्रबंधन में शानदार योगदान के लिए उन्हें कई पुरस्कार मिले हैं:

वर्ष 2001 (GM अवॉर्ड): मुंबई सेंट्रल कोचिंग डिपो को आईएसओ-9002 सर्टिफिकेशन दिलाने और बेहतर रखरखाव के लिए उन्हें जीएम अवॉर्ड से नवाजा गया।

वर्ष 2007 (रेल मंत्री पुरस्कार): रेलवे बोर्ड में निदेशक (प्लानिंग) के पद पर रहते हुए वार्षिक योजना और रोलिंग स्टॉक प्रबंधन में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें रेल मंत्री द्वारा पुरस्कृत किया गया।

विदेशों से हासिल की उच्च शिक्षा और प्रशिक्षण

डिम्पी गर्ग ने ईरमी (जमालपुर) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री ली है। इसके अलावा उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स (कोलकाता) और इंजीनियरिंग काउंसिल (लंदन) से उच्च शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने जर्मनी और स्विट्जरलैंड से एलएचबी कोच रखरखाव, स्वीडन से व्हील-रेल इंटरेक्शन तथा आईआईएम अहमदाबाद व विश्व बैंक से इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस का विशेष प्रशिक्षण भी लिया है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi