Chandauli News: जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त पुलिस टीम ने विगत 25 अगस्त को एस०एस० हॉस्पिटल के पास हुई लूट व जानलेवा हमले की घटना का सफल अनावरण करते हुए गिरोह के 4 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
अभियुक्तों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, नकदी, 3 अवैध तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हॉस्पिटल के पास की थी लूट व फायरिंग
25 अगस्त 2026 की रात मुगलसराय निवासी सूर्यान्श जायसवाल अपने मित्रों के साथ गाड़ी से एस०एस० हॉस्पिटल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे से फायर कर उन्हें डराया और गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। वादी की तहरीर के आधार पर थाना अलीनगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर पुलिस टीम जांच में जुटी थी।
घेराबंदी कर मुठभेड़ में पकड़े गए अभियुक्त
28 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल बदमाश पुनः किसी वारदात को अंजाम देने के लिए रिंग रोड की तरफ आ रहे हैं। इस सूचना पर अलीनगर पुलिस व स्वाट टीम ने तारापुर/आलमपुर अंडरपास के पास सघन चेकिंग शुरू की। भागने के प्रयास में फिसलकर गिरे दो बाइक सवार बदमाशों-राजकुमार दुबे (निवासी गाजीपुर) और अमन गिरी (निवासी धीना)-को मौके से दबोच लिया गया। पूछताछ के आधार पर बैकअप में आ रहे उनके दो अन्य साथियों-कमलेश मिश्रा और विनोद सिंह-को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
आपराधिक कार्यप्रणाली और आश्रय का खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि राजकुमार और अमन हाईवे (सैयदराजा से राजातालाब) पर घूमकर असलहे के बल पर लूटपाट करते थे। वारदात के बाद वे कमलेश मिश्रा के गांव वाले घर पर ठहरते थे और विनोद सिंह की कुटी (झोपड़ी) में अवैध असलहे छिपाकर रखते थे। पीड़ित सूर्यान्श जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों की पहचान की तथा अपनी लूटी हुई सोने की चेन की शत-प्रतिशत शिनाख्त की।
अवैध असलहे, नकदी व वाहन बरामद
पुलिस टीम ने अभियुक्तों के पास से 1 पीली धातु की चेन, 4,420 रुपये नगद, 3 अवैध तमंचे (315 बोर), 6 जिंदा कारतूस, 3 मोबाइल फोन तथा घटना में इस्तेमाल टीवीएस रोनिन और बजाज पल्सर बाइक बरामद की है।अलीनगर पुलिस द्वारा बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए चारों अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

