Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Etah News: वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्रवाई, अवैध तमंचे के साथ आरोपी गिरफ्तार

Etah News: वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्रवाई, अवैध तमंचे के साथ आरोपी गिरफ्तार

Newstrack 1 week ago

Etah News: एटा जनपद की कोतवाली देहात क्षेत्र में अवैध हथियारों के प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग के वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोपी के पास कथित तौर पर दो तमंचे दिखाई दे रहे थे, जबकि पुलिस ने केवल एक तमंचा और दो कारतूस बरामद होने की जानकारी दी है। ऐसे में दूसरे हथियार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

शराब पार्टी के दौरान अवैध हथियार लहराने का मामला

कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर चार वीडियो वायरल हुए थे, जिनमें असरौली गांव से जुड़े एक युवक को शराब पार्टी के दौरान अवैध हथियार लहराते, दोनों हाथों में तमंचे लेकर प्रदर्शन करते, नेशनल हाईवे किनारे हर्ष फायरिंग करते तथा हूटर लगी कार में साथियों के साथ घूमते हुए देखा गया था। वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में अवैध शस्त्र बरामदगी अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस ने अंकित पुत्र साहूकार, निवासी गंगागनर, थाना कोतवाली देहात, उम्र करीब 22 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली देहात में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने की कार्रवाई

हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के बाद यह सवाल भी उठ रहे हैं कि वायरल वीडियो में कथित रूप से दिखाई दे रहे दूसरे तमंचे का क्या हुआ। यदि वीडियो वास्तविक हैं और उनमें दो हथियार दिखाई दे रहे थे, तो दूसरा हथियार बरामद क्यों नहीं हुआ। इस संबंध में क्षेत्रीय चौकी प्रभारी अभिषेक बत्सल से पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। फिलहाल पुलिस के अनुसार मामले में जांच जारी है। वहीं स्थानीय लोग अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क पर भी प्रभावी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर स्थायी रोक लगाई जा सके।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi