Dailyhunt
Etawah News: रात्रि गश्त में दिखी इंसानियत, जसवंतनगर पुलिस ने वृद्ध महिला को सुरक्षित घर पहुंचाया

Etawah News: रात्रि गश्त में दिखी इंसानियत, जसवंतनगर पुलिस ने वृद्ध महिला को सुरक्षित घर पहुंचाया

Newstrack 1 week ago

Etawah News: इटावा जनपद के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपने कर्तव्य से बढ़कर मानवता की मिसाल पेश की है। यहां रात्रि गश्त के दौरान एक असहाय वृद्ध महिला की मदद कर पुलिस टीम ने यह साबित कर दिया कि वह सिर्फ कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए हर समय तत्पर रहती है।

चेकिंग के दौरान मिली सफलता

मिली जानकारी के मुताबिक, यह मामला 2/3 मई 2026 की मध्यरात्रि करीब 12 बजे की है। जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए रात्रिकालीन गश्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जसवंतनगर थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

पेश कि मानवता कि मिसाल

यहां गश्त के दौरान पुलिस टीम को छिमरा रोड पर एक वृद्ध महिला अकेली खड़ी दिखाई दीं। वह काफी परेशान और असहाय लग रही थीं तथा अपने घर जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रही थीं। पुलिस टीम ने तुरंत रुककर महिला से बातचीत की और उनकी स्थिति को समझा। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुमित्रा देवी (लगभग 70 वर्ष), निवासी ग्राम रायनगर बताया। उन्होंने बताया कि देर रात होने के कारण उन्हें कोई ऑटो या अन्य साधन नहीं मिल पा रहा है, जिससे वह काफी चिंतित थीं। महिला की स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया। बिना किसी देर के उन्हें सरकारी वाहन में बैठाया गया और पूरी सुरक्षा के साथ उनके घर ग्राम रायनगर तक पहुँचाया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने महिला का पूरा ध्यान रखा, जिससे उन्होंने स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित महसूस किया।

परिजनों ने दिया धन्यवाद

वहीं घर पहुंचने पर वृद्ध महिला और उनके परिजनों ने इटावा पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस मानवीय कार्य ने न केवल पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत किया, बल्कि समाज में यह संदेश भी दिया कि पुलिस हर परिस्थिति में लोगों की मदद के लिए तत्पर है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi