धूमधाम से मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव, मंदिरों में उमड़ा जनसैलाब (Photo- Newstrack)
Hanuman Janmotsav celebrated with great pomp, crowds in templesHanuman Janmotsav: हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
मंदिरों को आकर्षक फूलों और रोशनी से सजाया गया, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर संकटमोचन भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिरों में विशेष पूजा और धार्मिक आयोजन
प्रदेश के प्रमुख हनुमान मंदिरों में विशेष आरती, सुंदरकांड पाठ और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया। कई स्थानों पर अखंड रामायण पाठ भी हुआ। पुजारियों ने भक्तों को हनुमान जी के जीवन और उनके आदर्शों के बारे में विस्तार से बताया।
Sant Kabir Nagar News: पंचमुखी हनुमान मंदिर में जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया, बजरंग दल और सनातन धर्म प्रेमियों ने मिलकर किया भव्य आयोजन
Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर। जनपद संतकबीरनगर के खलीलाबाद स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में भगवान श्री हनुमान जी का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समय माता मंदिर के पीछे स्थित इस मंदिर में यह भव्य आयोजन बजरंग दल और सनातन धर्म प्रेमियों के सहयोग से संपन्न हुआ।कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर 'जय श्री राम', 'जय बजरंगबली' और 'सनातन धर्म' के नारों से गूंज उठा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर उपस्थित महाराज जी ने भगवान श्री हनुमान जी के जीवन, उनकी भक्ति, शक्ति, सेवा और धर्म रक्षा के महत्व पर अपने विचार साझा किए।इस पावन आयोजन में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा और बजरंग बाण का पाठ किया। बड़ी संख्या में भक्तों ने सहभागिता कर धर्म और संस्कृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

कार्यक्रम में बजरंग दल जिला सहसंयोजक सौरभ जयसवाल, जितेंद्र गुप्ता, हिमांशु सिंह, अजय शर्मा, शक्ति यादव, मनीष यादव, मनीष गौतम, गोलू विश्वकर्मा, सुनील पाठक और सूरज सिंह सहित कई अन्य बजरंगी भक्त प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने भगवान श्री हनुमान जी से समाज, राष्ट्र और सनातन धर्म की रक्षा, उन्नति तथा सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।
रिपोर्ट- अमित पाण्डेय, संत कबीर नगर
----------------------------------------------
Aligarh News: हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में किया भंडारे का आयोजन, भाकियू भानू जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर ने फीता काट कर किया शुभारंभ।
Aligarh News: लोधा क्षेत्र के गांव भीमपुर ( इब्राहीमपुर ) गौड़ा रोड़ अलीगढ़ पर अंजनी पुत्र मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के सेवक श्री हनुमान जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें क्षेत्रीय लोगों ने भारी संख्या मे प्रसाद ग्रहण किया भारतीय किसान यूनियन ( भानु ) के युवा जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर ने श्री हनुमान जी के छवि चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर फीता काट शुभारंभ किया उन्होंने कहा। कि धार्मिक आयोजन से पुण्य की प्राप्ति होती है। ऐसे आयोजन हर बर्ष होते रहने चाहिए जिला सचिव कुलदीप वशिष्ठ ने बताया कि हनुमान जी मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के महान भक्ति होने के साथ आज्ञाकारी थे उन्होंने सम्पूर्ण जीवन श्रीराम के चरणों व्यतीत कर दिया ।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष शिवा ठाकुर , राजू ठाकुर ( कानऊ ) जिला उपाध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ पवन कुमार दक्ष, शैलेश गौतम, विजय भदौरिया, नरेंद्र बघेल ( मोदी ) गौरव बघेल, पुरुषोत्तम सिंह, विकास ठाकुर, विजय सिंह, जतिन ठाकुर अमित सिंह, कालू ठाकुर, दुष्यंत सिंह, छोटू ठाकुर, उदित ठाकुर, प्रेमवीर सिंह, प्रवेश ठाकुर, धर्मेन्द्र ठाकुर, सत्यवीर सिंह, मयंक, रोहन , विशाल, कुनाल, गौरी , आदि।
रिपोर्ट- लक्ष्मण सिंह, अलीगढ़
--------------------------------------------
Etah News: हनुमान जन्मोत्सव पर एटा में भक्ति की धूम, जगह-जगह भंडारे और सुंदरकांड पाठ का आयोजन शहर भर मेंधूमधाम से निकली बाला जी यात्रा
Etah News: एटा। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर जनपद एटा में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। शहर भर में विभिन्न स्थानों पर भंडारे, सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।

यश योग सेवा समिति द्वारा प्रातः कचहरी स्थित योग पार्क में भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन कराया गया। सुबह से ही भगवान राम और हनुमान जी6 के भक्तों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। भक्तों ने मिलकर हनुमान जी की प्रतिमा को फूलों और मालाओं से सजाया और सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ प्रारंभ किया। इस दौरान महिला और पुरुष भक्त चौपाइयों, दोहों और श्लोकों का भावपूर्ण गायन करते हुए भक्ति में लीन नजर आए।
कार्यक्रम में हनुमान जी के निष्काम सेवा भाव और भगवान राम के प्रति उनके समर्पण पर विस्तार से चर्चा की गई। "राम काज किए बिना मोहे कहाँ विश्राम" जैसे प्रसंगों के माध्यम से हनुमान जी के आदर्श जीवन को याद किया गया। वक्ताओं ने बताया कि सुंदरकांड पाठ करने से हनुमान जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
योग प्रशिक्षक यशवीर सिंह ने बताया कि समिति द्वारा शहर के विभिन्न पार्कों में हिंदू एकता के उद्देश्य से नियमित रूप से हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले भी शहीद पार्क, अशोक नगर, श्याम विहार कॉलोनी और मेहता पार्क सहित कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

इसके अलावा बाला जी महाराज मंदिर से एक भव्य यात्रा निकाली गयी जिसमें भक्त गण हनुमान भजनों पर जमकर थिरके ,वहीं बड़ी और छोटी हनुमान गढ़ी, और त्रयम्केश्वर महादेव मंदिर, शिव मंदिर श्रृंगार नगर, आगरा रोड स्थित नारायण अस्पताल , हाथी दरवाजा सहित सभी प्रमुख मंदिरों में पूजा व दर्जनों स्थानों पर भंडारे और कीर्तन हुए। डाकबगलिया स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर महिलाओं द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें कई श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
रिपोर्ट- सुनील मिश्रा, एटा
-------------------------------------
Meerut News: हनुमान जयंती पर 'मंगल मिलन' में समाज सेवा का संदेश, बृजभूषण गुप्ता सम्मानित
Meerut News: दीन-दुखियों, गरीबों, मजलूमों और बेसहारों की सेवा को ही सच्ची ईश्वर भक्ति बताते हुए वक्ताओं ने समाज को सेवा और समर्पण का संदेश दिया। यह विचार सोशल मीडिया संगठन के तत्वावधान में अन्नपूर्णा मंदिर सभागार में आयोजित हनुमान जयंती के अवसर पर हुए 'मंगल मिलन' कार्यक्रम में व्यक्त किए गए।
कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया संगठन के संस्थापक सदस्य एवं अन्नपूर्णा चैरिटी ट्रस्ट के संस्थापक बृजभूषण गुप्ता को उनके 81वें जन्मदिन पर संगठन की ओर से सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने उनके सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों और जरूरतमंद मरीजों की सेवा में समर्पित कर दिया है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
वक्ताओं ने भगवान हनुमान के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने निस्वार्थ भाव से समाज के दुखों को दूर किया।
समाज सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं है और युवाओं को उनके पदचिन्हों पर चलकर समाज उत्थान के कार्यों में आगे आना चाहिए। इससे न केवल सामाजिक और धार्मिक मूल्यों को मजबूती मिलेगी, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता भी सुनिश्चित होगी।

इस दौरान यह भी कहा गया कि भगवान हनुमान भगवान शिव के 11वें रुद्र अवतार हैं और आज भी जीवित माने जाते हैं। उनकी श्रद्धा और भक्ति से समाज में समरसता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम में चौधरी यशपाल सिंह, डॉ. कर्मेंद्र सिंह, डॉ. एम.के. बंसल, संगठन के संस्थापक महामंत्री अंकित बिश्नोई, युवा नेता अंकित चौधरी, रामानुज वेस्ट अर्थालय के सचिव हर्षवर्धन विटन, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त सरबजीत कपूर, राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेंद्र शर्मा, नईम अहमद, रमेश चंद शर्मा, दीप जैन, नरेंद्र जैन, संदीप अल्फा, दीपक शर्मा, मुकेश गुप्ता, पुनीत सिंघल, प्रशांत कौशिक सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन संगठन के संस्थापक अध्यक्ष रवि कुमार बिश्नोई ने किया, जबकि शुभारंभ सभी अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
रिपोर्ट- सुशील कुमार, मेरठ
---------------------------------

