Dailyhunt
Hapur News: बैंक कर्मचारी पति की बीच सड़क पिटाई, पत्नी और ससुराल पक्ष पर मुकदमा दर्ज

Hapur News: बैंक कर्मचारी पति की बीच सड़क पिटाई, पत्नी और ससुराल पक्ष पर मुकदमा दर्ज

Newstrack 1 week ago

Hapur News: हापुड़ में एक बैंक कर्मचारी के साथ उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी अपने स्वजन के साथ पहले बैंक पहुंची और वहां हंगामा किया।

इसके बाद जब कर्मचारी ड्यूटी खत्म कर बाहर निकला तो उसे बीच सड़क घेरकर लात-घूसों से पीटा गया। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बैंक में पहुंचकर किया हंगामा

कोतवाली क्षेत्र के रेलवे रोड स्थित मोहल्ला प्रेमपुरा निवासी विजय बैंक ऑफ बड़ौदा में कर्मचारी हैं। पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने बताया कि छह अप्रैल 2026 को वह अपने बैंक में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े 11 बजे उनकी पत्नी अपने स्वजन के साथ बैंक पहुंच गई।आरोप है कि बैंक परिसर में पहुंचते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और विजय को बाहर आने के लिए कहने लगे। बैंक में मौजूद गार्ड और मैनेजर ने उन्हें समझाने का प्रयास किया और बैंक के अंदर विवाद न करने की हिदायत दी, लेकिन इसके बावजूद आरोपित नहीं माने और वहां काफी देर तक हंगामा करते रहे।

डायल 112 को देनी पड़ी सूचना

बैंक परिसर में बढ़ते विवाद को देखते हुए कर्मचारियों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को समझाकर मामला शांत कराया और बैंक में किसी तरह का विवाद न करने की चेतावनी दी। इसके बाद सभी लोग वहां से चले गए।

ड्यूटी खत्म होते ही सड़क पर घेरकर पीटा

पीड़ित विजय का आरोप है कि जब वह शाम करीब सवा तीन बजे ड्यूटी खत्म कर बैंक से बाहर निकले, तभी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद बीच सड़क उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।आरोप है कि सभी ने मिलकर विजय को लात-घूसों से पीटा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। किसी तरह वह वहां से बचकर निकले और सीधे कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

चार आरोपितों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव अकड़ौली निवासी शीला, अंजली, दीपु और नरेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि बैंक कर्मचारी की शिकायत पर नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi