Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Hapur News: हाईवे पर पंचर बदल रहे मंदिर के पुजारी को अज्ञात वाहन ने रौंदा, राजस्थान से लौटते समय मौत

Hapur News: हाईवे पर पंचर बदल रहे मंदिर के पुजारी को अज्ञात वाहन ने रौंदा, राजस्थान से लौटते समय मौत

Newstrack 1 week ago

Hapur News: दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-9) पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के उपेड़ा फ्लाईओवर पर राजस्थान के एक मंदिर के पुजारी की उस समय मौत हो गई, जब वह अपनी थार गाड़ी का पंचर टायर बदल रहे थे।

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि पुजारी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी जिंदगी की डोर टूट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बाबूगढ़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पंचर बदलते समय हुआ हादसा

पुलिस जांच में सामने आया कि राजस्थान नंबर आरजे-02 यूए-7284 थार वाहन एनएच-9 पर उपेड़ा फ्लाईओवर से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन का एक टायर पंचर हो गया। वाहन में सवार करीब 60 वर्षीय भगवान दास फ्लाईओवर पर ही वाहन रोककर स्टेपनी बदलने लगे। बताया जा रहा है कि जैक लगाकर टायर बदला जा रहा था, तभी पीछे से तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।टक्कर लगते ही भगवान दास कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

राजस्थान के प्रसिद्ध बालाजी मंदिर से जुड़ा था मृतक

पुलिस ने मृतक की पहचान भगवान दास पुत्र निवासी ग्राम लिलोज, जिला दौसा (राजस्थान) के रूप में की है। वह क्षेत्र के एक बालाजी मंदिर में पुजारी थे और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।स्थानीय लोगों का कहना है कि भगवान दास धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और अक्सर विभिन्न धार्मिक यात्राओं पर जाते रहते थे। उनकी अचानक मौत की खबर से उनके गांव और मंदिर परिसर में भी शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने हटवाया क्षतिग्रस्त वाहन

हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त थार वाहन को सड़क किनारे हटवाया, ताकि हाईवे पर यातायात सामान्य हो सके। काफी देर तक पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही और घटनास्थल का निरीक्षण किया।इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की तलाश

पुलिस अब फरार वाहन चालक की तलाश में जुट गई है। हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन चालक को चिन्हित कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi