Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Hapur News: ससुराल पहुंचा शराबी पति, पत्नी पर बलकटी से हमला; बचाने आए साले का हाथ काटा, मचा हड़कंप

Hapur News: ससुराल पहुंचा शराबी पति, पत्नी पर बलकटी से हमला; बचाने आए साले का हाथ काटा, मचा हड़कंप

Newstrack 6 days ago

Hapur News: जनपद के थाना देहात क्षेत्र स्थित सरस्वती विहार मोहल्ले में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपनी ससुराल पहुंचे एक युवक ने कथित रूप से पत्नी पर धारदार बलकटी से हमला कर दिया।

पत्नी को बचाने के लिए बीच में आए उसके भाई को भी आरोपी ने निशाना बनाया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति व उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

कई वर्षों से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद

जानकारी के अनुसार सरस्वती विहार निवासी आशा की शादी करीब छह वर्ष पहले गांव बदनौली निवासी ब्रजेश के साथ हुई थी। दंपति का एक चार वर्षीय पुत्र भी है। परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा है। घरेलू कलह के कारण आशा अपने बेटे के साथ मायके में रह रही हैं।बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह ब्रजेश अपने एक दोस्त के साथ आशा के मायके पहुंचा। परिजनों का आरोप है कि आरोपी शराब के नशे में था। घर पहुंचते ही किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

कपड़े में छिपाकर लाया था धारदार हथियार

परिजनों के मुताबिक आरोपी अपने साथ कपड़े में छिपाकर एक बलकटी लेकर आया था। विवाद बढ़ने पर उसने अचानक पत्नी पर हमला कर दिया। हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान आशा को बचाने के लिए उनका भाई सोनू बीच में आ गया और उसने हाथ आगे कर वार रोकने की कोशिश की।बताया जा रहा है कि धारदार हथियार का वार सोनू के हाथ पर लगा, जिससे वह घायल हो गया। वहीं आशा को भी मामूली चोटें आईं। घटना के बाद परिवार के लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी पति और उसके साथ आए दोस्त को पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही थाना देहात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी पति और उसके साथी को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते परिवार के लोग बीच-बचाव नहीं करते तो घटना और गंभीर रूप ले सकती थी। दिनदहाड़े हुए इस हमले से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।मामले में क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पति और उसके दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पत्नी और उसके परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi