Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Hardoi News: स्कूली वाहनों पर सख्ती, चेकिंग अभियान में दो अनफिट वाहनों का चालान, एक निजी वाहन सीज

Hardoi News: स्कूली वाहनों पर सख्ती, चेकिंग अभियान में दो अनफिट वाहनों का चालान, एक निजी वाहन सीज

Newstrack 1 week ago

Hardoi News: हरदोई में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को व्यापक चेकिंग की गई। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान कुल 15 स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया गया।

जांच में दो वाहन सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरे, जिसके चलते उनका चालान किया गया। वहीं एक निजी वाहन, जिसे स्कूल बस की तरह पीले रंग में रंगकर विद्यार्थियों के परिवहन में लगाया गया था, उसे नियमों के उल्लंघन के कारण निरुद्ध कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर 1 जुलाई से 15 जुलाई तक 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत परिवहन विभाग की प्रशासन और प्रवर्तन शाखा संयुक्त रूप से स्कूल वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर रही है। विभागीय कर्मचारी विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर वाहनों का भौतिक निरीक्षण भी कर रहे हैं तथा संचालकों को आवश्यक दस्तावेज समय रहते नवीनीकृत कराने के लिए जागरूक कर रहे हैं।

मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी

परिवहन विभाग ने जनपद के सभी स्कूल वाहन स्वामियों से अपील की है कि जिन वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा अथवा प्रदूषण प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त हो चुकी है, वे तत्काल उसका नवीनीकरण करा लें। ऐसा न करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।साथ ही विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों से भी कहा गया है कि वे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और ऐसे किसी भी वाहन का संचालन न होने दें, जो निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं करता हो। विभाग का मानना है कि समय रहते नियमों का पालन करने से संभावित दुर्घटनाओं और अन्य परेशानियों से बचा जा सकता है।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि 8 जुलाई से 15 जुलाई तक पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से विशेष प्रवर्तन अभियान चलाएंगे। इस दौरान बिना फिटनेस, परमिट, बीमा या प्रदूषण प्रमाणपत्र वाले वाहनों के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का उल्लंघन कर बच्चों का परिवहन करने वाले निजी वाहनों के खिलाफ भी चालान, वाहन निरुद्ध करने और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने सभी संबंधित पक्षों से नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि स्कूली बच्चों की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित बनाई जा सके।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi