
Iran Black Mountain attack: पश्चिम एशिया की जंग अब उस मुकाम पर पहुंच गई है जहां जमीन से लेकर आसमान तक सिर्फ बारूद का शोर है। रविवार की सुबह ईरान के 'ब्लैक माउंटेन' (कोहगिलुयेह प्रांत) के लिए काल बनकर आई।
अल-जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और इजरायल के लड़ाकू विमानों ने इस पहाड़ी इलाके में भीषण बमबारी की, जिसमें कम से कम तीन लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। ईरान के सरकारी मीडिया का दावा है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है क्योंकि मलबे के नीचे कई लोग दबे हो सकते हैं। कोहगिलुयेह प्रांत के गवर्नर ने इस हमले को 'अत्यंत गंभीर और अमानवीय' करार दिया है।
लापता पायलट की तलाश और कबीलों का 'गुरिल्ला वार'
जंग के बीच एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। शुक्रवार को एक अमेरिकी F-15E लड़ाकू विमान के गिरने के बाद उसके लापता चालक दल की तलाश में निकले अमेरिकी हेलीकॉप्टरों को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। सीएनएन (CNN) की रिपोर्ट के अनुसार, जब दो अमेरिकी 'ब्लैक हॉक' हेलीकॉप्टर पहाड़ी इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे, तब ईरान के खानाबदोश 'बख्तियारी कबीले' के लोगों ने उन पर राइफलों से अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने इन हमलावर कबीलों की जमकर तारीफ की है। आईआरजीसी ने उन्हें 'सीमाओं का विजयी रक्षक' बताते हुए कहा कि ईरान का हर नागरिक अब दुश्मन के खिलाफ सिपाही बन चुका है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कबीले के लोग हाथों में बंदूकें लिए पहाड़ों पर गश्त करते और 'दुश्मन' को खोजने की कसमें खाते दिख रहे हैं।
पायलट लाओ, 60 हजार डॉलर ले जाओ: ईरान का बड़ा इनाम
ईरान ने लापता अमेरिकी पायलट को पकड़ने के लिए अब 'इनामी शिकार' (Bounty Hunt) का सहारा लिया है। ईरानी अधिकारियों ने घोषणा की है कि जो कोई भी अमेरिकी पायलट को जिंदा पकड़कर सुरक्षा बलों के हवाले करेगा, उसे 60,000 अमेरिकी डॉलर (करीब 50 लाख भारतीय रुपये) का 'कीमती इनाम' दिया जाएगा। स्थानीय टीवी चैनलों पर लगातार इस इनाम का विज्ञापन चलाया जा रहा है, जिससे पूरे खुज़ेस्तान और बख्तियारी क्षेत्र में लोग हथियारों के साथ पहाड़ियों की खाक छान रहे हैं।
ईरान का नया एयर डिफेंस सिस्टम
अभी कुछ दिन पहले तक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दावा कर रहे थे कि अमेरिका ने ईरान के हवाई क्षेत्र पर पूरा कब्जा कर लिया है, लेकिन ईरान की नई डिफेंस प्रणाली ने इन दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। आईआरजीसी (IRGC) ने दावा किया है कि उनके 'स्वदेशी एयर डिफेंस सिस्टम' ने ही शुक्रवार को अमेरिकी जेट को मार गिराया और शनिवार को ब्लैक हॉक्स को पीछे हटने पर मजबूर किया। केंद्रीय खातम अल-अनबिया मुख्यालय के प्रवक्ता ने चेतावनी देते हुए कहा, "हम अपने आसमान पर पूर्ण नियंत्रण हासिल करेंगे और दुश्मन को दुनिया के सामने पहले से कहीं ज्यादा अपमानित करेंगे।"
जंग का खतरनाक दौर और बेकाबू होते हालात
28 फरवरी से शुरू हुई यह जंग अब पांचवें हफ्ते में प्रवेश कर चुकी है। एक तरफ अमेरिका और इजरायल ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों को मिटाने पर तुले हैं, तो दूसरी तरफ ईरान अपने कबीलों और नई मिसाइल तकनीक के जरिए पलटवार कर रहा है। होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी और अब 'ब्लैक माउंटेन' पर हुआ यह ताजा हमला संकेत दे रहा है कि आने वाले 48 घंटे पूरे मध्य पूर्व के लिए कयामत से कम नहीं होने वाले हैं। तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं और दुनिया एक ऐसे महायुद्ध की ओर बढ़ रही है जिसे रोकना अब किसी के बस में नहीं दिख रहा।
