घर के बाहर सो रही महिला की हत्या का खुलासा, अपमान का बदला लेने के लिए की थी वारदात (Photo- Newstrack)
Murder of woman sobbing outside revealedJalaun News: जालौन जायघा गांव में घर के बाहर सो रही महिला की सिर कुचलकर की गई हत्या का पुलिस ने दो दिनों के भीतर खुलासा कर दिया।
पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया। हत्या का कारण पुरानी रंजिश और अपमान का बदला बताया गया है।
रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम जायघा में घर के बाहर चारपाई पर सो रही 50 वर्षीय मीना देवी की सिर कुचलकर हत्या किए जाने के मामले का शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में खुलासा किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने बताया कि इस सनसनीखेज वारदात में गांव के ही रन सिंह और सहदेव को गिरफ्तार किया गया है।
दोनों आरोपितों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
एएसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ के नेतृत्व में रामपुरा थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने हत्या करना स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार, 15 साल पहले मृतका मीना देवी ने आरोपितों के पिता को चप्पल मारने की बात को लेकर सार्वजनिक रूप से अपमानित कर दिया था। इसी अपमान का बदला लेने की नीयत से दोनों ने वारदात की साजिश रची।
कुल्हाड़ी व डंडे से की थी हत्या
बुधवार रात जब मीना देवी घर के बाहर चारपाई पर सो रही थीं, तभी दोनों ने किसी भारी कुल्हाड़ी व डंडे से उनके सिर पर कई वार कर उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह महिला का रक्तरंजित शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। शनिवार को दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ घटना का सफल खुलासा कर दिया गया। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेज दिया।

