Dailyhunt
Jalaun News : जालौन जन चौपाल से बढ़ा भरोसा, ग्रामीण हुए योजनाओं से जागरूक

Jalaun News : जालौन जन चौपाल से बढ़ा भरोसा, ग्रामीण हुए योजनाओं से जागरूक

Newstrack 1 week ago

Jalaun News : जालौन के विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुरा में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम जनविश्वास और जनभागीदारी का प्रभावी मंच बनकर उभरा। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सीधे संवाद स्थापित किया और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का फीडबैक लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया और मौके पर ही सत्यापन कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति परखी गई। सामाजिक सरोकार को बढ़ावा देते हुए बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई भी कराई गई तथा उन्हें पौष्टिक आहार वितरित किया गया।

नोडल अधिकारी ने कन्या सुमंगला, जननी सुरक्षा, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार जन्म से लेकर बुजुर्ग अवस्था तक नागरिकों के समग्र कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों के हित में फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य बताते हुए उन्होंने सभी किसानों से इसे शीघ्र पूरा कराने की अपील की। साथ ही जल संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कम पानी वाली फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, एसडीएम हेमंत पटेल, सीएमओ बीरेंद्र सिंह सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi