Dailyhunt
Jhansi News: झांसी में महिला हेल्प डेस्क से घरेलू विवादों का त्वरित निस्तारण

Jhansi News: झांसी में महिला हेल्प डेस्क से घरेलू विवादों का त्वरित निस्तारण

Newstrack 1 week ago

झांसी में महिला हेल्प डेस्क से घरेलू विवादों का त्वरित निस्तारण (Photo- Newstrack)

Quick settlement of domestic disputes from women help desk in Jhansi

Jhansi News: झांसी। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को ध्यान में रखते हुए थानों में स्थापित महिला हेल्प डेस्क अब पीड़िताओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।

खासतौर पर घरेलू विवादों से जुड़े मामलों में यहां काउंसिलिंग के जरिए समाधान निकाला जा रहा है। झांसी के प्रेमनगर थाना स्थित महिला हेल्प डेस्क पर अधिकांश मामलों का सफल निस्तारण किया जा चुका है, जिससे महिलाओं को त्वरित न्याय मिल रहा है।

घरेलू विवादों में काउंसिलिंग से मिल रहा समाधान

महिला हेल्प डेस्क पर आने वाली शिकायतों में ज्यादातर मामले पति-पत्नी, सास-बहू और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच विवाद से जुड़े होते हैं। कई मामलों में पति द्वारा शराब के नशे में मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और पारिवारिक कलह प्रमुख कारण हैं। शिकायत मिलने पर पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को बुलाकर काउंसिलिंग की जाती है, जिससे आपसी समझ बढ़ती है और विवाद सुलझ जाते हैं।

प्रेमनगर क्षेत्र की एक महिला, जो पति की मारपीट से परेशान थी, ने हेल्प डेस्क में शिकायत दर्ज कराई। काउंसिलिंग के बाद दोनों के बीच सामंजस्य स्थापित हुआ और अब परिवार में शांति है। वहीं नगरा क्षेत्र की एक विवाहिता का सास-ननद से विवाद भी समझाइश के जरिए सुलझाया गया।

कुछ मामलों में अभी भी बनी हुई है जटिलता

हालांकि अधिकतर मामलों में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, लेकिन कुछ विवाद ऐसे भी हैं जिनका समाधान अभी तक नहीं हो सका है। पुलिया नंबर नौ क्षेत्र की एक महिला का मामला काउंसिलिंग के बावजूद लंबित है, जहां दोनों पक्षों में सहमति नहीं बन पाई है। ऐसे मामलों में पुलिस आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाती है।

महिला हेल्प डेस्क प्रभारी नीलेश कुमारी के अनुसार, यहां तैनात महिला पुलिसकर्मी पूरी संवेदनशीलता के साथ शिकायतों की सुनवाई करती हैं और समाधान का प्रयास करती हैं। जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाती है।

आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अब तक 366 जन शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें 161 सीधे हेल्प डेस्क पर दर्ज की गईं। इनमें से 139 मामलों में राजीनामा कराया गया, 36 मामलों में मुकदमा दर्ज हुआ और 69 लोगों को शांति भंग के आरोप में जेल भेजा गया है। शेष मामलों का भी तेजी से निस्तारण किया जा रहा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi