खजाने की अफवाह से रुका तालाब सौंदर्यीकरण का कार्य, पुलिस ने संभाला मोर्चा (Photo- Newstrack)
beautification work stopped by rumor of treasureJhansi News: झांसी के चिरगांव में खजाने की तलाश की अफवाह को लेकर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला जेसीबी पर चढ़ गई और उसने कहा कि उसे माता आई है।
महिला का कहना था कि इस जगह पर धन दबा हुआ है, इसलिए जेसीबी से खुदाई का काम तुरंत बंद कर दिया जाए और उसे यहां से धन निकालने दिया जाए। महिला की बात सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने हटाने की कोशिश की तो लोगों ने किया विरोध
मौके पर मौजूद पुलिस ने महिला को जेसीबी के पास से हटाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते पुलिस और लोगों के बीच नोंकझोंक होने लगी। भीड़ के उग्र होने से पुलिस के लिए काम कराना मुश्किल हो गया और स्थिति लगातार बिगड़ने लगी।
तालाब के सौंदर्यीकरण का चल रहा था सरकारी काम
बताया गया कि जिस स्थान पर पहले घर तोड़कर मलबा डाला गया था, उसी तालाब पर सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इस काम के तहत सीडीओ का निर्माण किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोग काम में लगातार बाधा उत्पन्न कर रहे थे और ठेकेदार को निर्माण कार्य नहीं करने दे रहे थे।
ठेकेदार ने पुलिस प्रशासन की ली मदद
निर्माण कार्य में लगातार रुकावट आने पर ठेकेदार ने पुलिस प्रशासन की मदद ली। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची, ताकि प्रशासन की मौजूदगी में तालाब के सौंदर्यीकरण का काम कराया जा सके। हालांकि खजाना मिलने की बात को लेकर लोगों की भीड़ लगातार सरकारी कार्य में बाधा डालती रही।
हंगामे के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा
धन निकालने की बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि चारों तरफ से लोग मौके पर एकत्र हो गए और हल्ला मचाने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। शांति व्यवस्था बहाल करने के बाद पुलिस ने दोबारा निर्माण कार्य शुरू कराया।

