Lucknow Weather: लखनऊ में गुरुवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने पूरे शहर का मौसम सुहाना कर दिया। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली कड़की, जबकि तेज बारिश के कारण लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली।
मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई और लोगों को हल्की ठंड का एहसास होने लगा।

कई जगह पेड़ों की डालियां टूटकर सड़क पर गिरीं
अचानक चली तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ों की डालियां भी टूटकर सड़क पर गिर गईं। बारिश शुरू होते ही शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और कुछ इलाकों में जलभराव जैसी स्थिति भी देखने को मिली। हालांकि बारिश के चलते मौसम काफी खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमीय गतिविधियों के कारण राजधानी समेत आसपास के जिलों में मौसम में यह बदलाव देखने को मिला है।

अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव की उम्मीद नहीं
विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इसी तरह मौसम बने रहने की संभावना जताई है। आने वाले हफ्ते में बीच-बीच में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। बारिश के बाद तापमान में आई गिरावट से सुबह समय ठंडक बढ़ गई है। लोगों ने लंबे समय बाद मई महीने में ठंडी हवाओं का एहसास किया। पार्कों और चाय की दुकानों पर लोग मौसम का आनंद लेते नजर आए। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह भी दी है।

