Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Mainpuri News: डीएम ने सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों का लिया जायजा

Mainpuri News: डीएम ने सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों का लिया जायजा

Newstrack 1 week ago

Mainpuri News: उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 11 जुलाई को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियां प्रशासन ने तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से तैयारियों में जुटा है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान धारऊ स्थित ए.आर. गार्डन तथा श्रीदेवी मेला ग्राम सुधार प्रदर्शनी परिसर का अवलोकन किया गया। समीक्षा के बाद श्रीदेवी मेला परिसर को सामूहिक विवाह समारोह के लिए अंतिम रूप से चयनित किया गया। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिए कि निर्धारित तिथि से पहले पूरे परिसर की साफ-सफाई, साज-सज्जा, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।जिलाधिकारी ने कहा कि समारोह में शामिल होने वाले सभी वर-वधुओं और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आने-जाने की समुचित परिवहन व्यवस्था, बैठने की पर्याप्त सुविधा, विवाह सामग्री का व्यवस्थित वितरण तथा अन्य सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में शामिल हिंदू और मुस्लिम समुदाय के जोड़ों का विवाह उनके धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया जाए। हिंदू विवाह के लिए मंडप तथा मुस्लिम निकाह के लिए मौलवियों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करने के साथ विवाह पंजीकरण प्रक्रिया को भी सुगम बनाने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, पेयजल, भोजन, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, बैठक व्यवस्था और बारिश की संभावना को देखते हुए वैकल्पिक इंतजाम समय से पूरे करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में चार से पांच हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है, जबकि 200 से अधिक जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, परियोजना निदेशक डीआरडीए शोभनाथ चौरसिया, उपायुक्त एनआरएलएम शौकत अली, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बुद्धि प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi