Mainpuri News: मैनपुरी जनपद के एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुरा निवासी राहुल कुमार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर गांव के ही धर्मपाल और उसके साथियों पर मारपीट, जान से मारने की धमकी तथा पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा स्थानीय पुलिस की कार्यशैली की जांच कराने की मांग की है।
राहुल कुमार के अनुसार, 3 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे वह अपने खेत में मक्के की पेकिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी धर्मपाल अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और बिना किसी उकसावे के गाली-गलौज शुरू कर दी। जब राहुल ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
पीड़ित का आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी दोबारा सरिया और डंडे लेकर खेत पर पहुंचे तथा उन पर हमला करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। राहुल का कहना है कि इस पूरी घटना का कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाया था, जिसे उन्होंने पुलिस चौकी पर शिकायत के दौरान दिखाया, लेकिन इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराने के बाद जब वह घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ उन्हें घेर लिया और दोबारा मारपीट की। इस घटना की शिकायत उन्होंने एलाऊ थाने में भी की, लेकिन वहां भी उनकी सुनवाई नहीं हुई।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपी खुलेआम यह कहते हैं कि उनके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं और एक-दो मुकदमे और दर्ज हो जाने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ेगा। साथ ही शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।मामले में राहुल कुमार ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने और पूरे प्रकरण में स्थानीय पुलिस की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है। फिलहाल, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं हुई है।

