Mainpuri News: मैनपुरी में स्मार्ट मीटर को लेकर जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर के तांगा स्टैंड पर लोकमाता अहिल्याबाई होलकर से जुड़े संगठनों के पदाधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने बंसी गौर इलाके से स्मार्ट मीटर की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर विरोध जताया, जो तांगा स्टैंड पहुंचकर एक बड़े प्रदर्शन में तब्दील हो गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर आम जनता, विशेषकर गरीब वर्ग के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। उनका कहना है कि इन मीटरों में लगातार तकनीकी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि बिजली लाइन कटने के बाद भी बिल आ रहा है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।लोगों का यह भी कहना है कि स्मार्ट मीटर में नेगेटिव बैलेंस होने पर तुरंत बिजली आपूर्ति काट दी जाती है, लेकिन रिचार्ज करने के बाद भी घंटों तक सप्लाई बहाल नहीं होती। इससे खासतौर पर गर्मी के मौसम में बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का पुतला भी फूंका गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्मार्ट मीटर को हटाकर पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।मैनपुरी में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ता विरोध अब प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। विभिन्न संगठनों द्वारा लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं, जिससे स्थिति और गंभीर होती दिख रही है। ऐसे में अब सबकी नजरें प्रशासन और सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं कि वे इस बढ़ते जनआक्रोश को कैसे शांत करते हैं और उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान कैसे निकालते हैं।

