
Mainpuri News: मैनपुरी के भोगांव क्षेत्र में ग्रामीण सड़कों की तस्वीर बदलने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ग्राम योजना के अंतर्गत क्षेत्र की सात सड़कों के निर्माण और सुधार कार्यों को शासन से स्वीकृति मिल गई है।
इन परियोजनाओं पर कुल 971.45 लाख रुपये यानी करीब 9.71 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शासन ने कार्यों के लिए पहली किस्त के रूप में 331.90 लाख रुपये जारी कर दिए हैं।
धनराशि मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रस्तावित सड़कों के बनने से कई गांवों की मुख्य मार्गों से सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी और ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। योजना के तहत नगला ताल से सुरजनपुर पुलिया तक मार्ग के लिए 98.84 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिसमें 33.77 लाख रुपये की पहली किस्त जारी की गई है। जलालपुर से नगला राम सहाय मार्ग पर 131.96 लाख रुपये खर्च होंगे और पहली किस्त में 45.08 लाख रुपये मिले हैं।
धमियापुर से नगला दिनी तक सड़क के नवनिर्माण के लिए 125.65 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके लिए 42.93 लाख रुपये जारी हो चुके हैं। वहीं धनमऊ-खटाना-कुंजलपुर से सहारा-तेजपुरा मार्ग के लिए सबसे अधिक 200.81 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। इसकी पहली किस्त 68.61 लाख रुपये है। दुर्जनपुर से बंजरिया मार्ग के लिए 152.72 लाख रुपये और नगला टुडारी तक नए मार्ग के लिए 114.42 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दोनों कार्यों की पहली किस्त क्रमश: 52.18 लाख और 39.09 लाख रुपये जारी हुई है। करनपुर निवरी से ब्रह्मदेव चौराहा तक सड़क के लिए 147.05 लाख रुपये मंजूर हुए हैं, जिसकी पहली किस्त 50.24 लाख रुपये है।
सड़कें बनने से किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने और ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों में सुविधा मिलने की उम्मीद है। भोगांव विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वीकृत सड़क परियोजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने की दिशा में काम किया जा रहा है।

