Meerut News: जिले में रसोई गैस की किल्लत और अव्यवस्थाओं को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने मोर्चा खोल दिया। मंगलवार को आप के जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पर अनशन शुरू किया।
अंकुश चौधरी ने आरोप लगाया कि शहर की गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ लगी हुई है और आम उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि केवाईसी के नाम पर लोगों को अनावश्यक रूप से दौड़ाया जा रहा है। बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं को हफ्तों तक सिलेंडर नहीं मिल रहा, जबकि दूसरी ओर कालाबाजारी बढ़ गई है और सिलेंडर 3000 रुपये तक बेचा जा रहा है।
अंकुश चौधरी ने सवाल उठाया कि जब प्रशासन स्थिति सामान्य बता रहा है, तो एजेंसियों पर लंबी कतारें क्यों लगी हैं। मामले को लेकर जिला प्रशासन हरकत में आया और एडीएम सिटी ने वार्ता के लिए आप प्रतिनिधिमंडल को बुलाया। जिला अध्यक्ष ने तीन सदस्यीय टीम-अंकित गिरी, फुरकान त्यागी और एस.के. शर्मा-को बातचीत के लिए नामित किया। प्रतिनिधिमंडल ने गैस आपूर्ति, केवाईसी प्रक्रिया और कालाबाजारी के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
वार्ता के दौरान एडीएम सिटी ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद वह स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे और अंकुश चौधरी से अनशन समाप्त करने का आग्रह किया। प्रशासन के आश्वासन पर चौधरी ने अनशन खत्म कर दिया। आप ने प्रशासन से मांग की है कि केवाईसी प्रक्रिया फिलहाल स्थगित की जाए, बुकिंग के दो दिन के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा गैस संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए।

