Meerut News: शादी-ब्याह की रौनक और भीड़भाड़ के बीच चुपचाप खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाकर 'गायब' कर देने वाले एक शातिर गिरोह का मवाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो चोरी की बाइक और 3900 रुपये नकद बरामद किए हैं।
खुलासे के बाद इलाके में हो रही सिलसिलेवार बाइक चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने राहत की सांस ली है।
मवाना और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की वारदातों ने पुलिस की नींद उड़ा दी थी। शिकायतों के आधार पर दर्ज मुकदमों के बाद पुलिस ने निगरानी और चेकिंग अभियान तेज किया। जांच में सामने आया कि यह गिरोह खासतौर पर शादी समारोह, बाजार और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों को चुनता था, जहां लोगों की नजरें मंच और कार्यक्रम पर होती थीं और ये आरोपी मौके का फायदा उठाकर बाइक उड़ा ले जाते थे।
गुरुवार को पुलिस ने ग्राम पहाड़पुर-दुधली मार्ग पर जाल बिछाकर चारों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में तौफीक, उमर, शकील और सोनू शामिल हैं। पूछताछ में इन्होंने कबूल किया कि चोरी की गई मोटरसाइकिलों को वे सस्ते दामों में बेच देते थे और रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस के मुताबिक, तौफीक और उमर पहले भी प्रीतनगर और तिगरी में ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।बरामद की गई दोनों स्पलेंडर मोटरसाइकिलें हाल ही में चोरी की गई थीं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य नेटवर्क और खरीदारों की तलाश भी की जा रही है। फिलहाल चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक पूनम जादौन और उनकी टीम की सतर्कता अहम रही।

