Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र में महज 10 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर बना दबाव एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने और धमकी देने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम तजपुरा निवासी अभिषेक (22) ने 27 अप्रैल को आत्महत्या कर ली थी। आरोप है कि उसने जिन लोगों को 10 हजार रुपये उधार दिए थे, उनसे जब उसने रकम वापस मांगी तो उल्टा उसे ही धमकाया जाने लगा। फोन पर बार-बार धमकी दी गई और फर्जी मुकदमे में फंसाने की बात कहकर मानसिक दबाव बनाया गया।मृतक के भाई अनिकेत की तहरीर पर थाना बहसूमा में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में वांछित तीन आरोपियों-दिनेश उर्फ सीटू (42), प्रिंस (25) और सुमन राणा (45)-को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों की धमकियों से अभिषेक काफी परेशान था।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की विधिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटे-छोटे आर्थिक विवाद किस तरह गंभीर सामाजिक और मानसिक संकट का रूप ले लेते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे भी गहन जांच की जा रही है, ताकि घटना के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके।

