Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Meerut News: यूपी ट्रेड शो में दिखेगा मेरठ का हुनर, खेल उत्पादों संग गजक-मसालों का लगाएंगे चौका

Meerut News: यूपी ट्रेड शो में दिखेगा मेरठ का हुनर, खेल उत्पादों संग गजक-मसालों का लगाएंगे चौका

Newstrack 1 week ago

Meerut News: क्रिकेट के मैदान पर मेरठ के बल्ले की धमक तो दुनिया पहले ही सुन चुकी है, अब शहर के दूसरे उत्पाद भी वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बनाने को तैयार हैं। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में मेरठ के 45 उद्यमी और स्टार्टअप अपने उत्पादों के साथ देश-विदेश के खरीदारों के सामने होंगे।

खेल सामग्री से लेकर गजक-रेवड़ी, नानखटाई, मसाले और शहद तक मेरठ की पहचान और स्वाद इस आयोजन में नजर आएगा।

प्रदेश सरकार की 'स्थानीय से वैश्विक' की नीति के तहत आयोजित ट्रेड शो में मेरठ के उद्यमियों को नए बाजार, खरीदार और कारोबारी साझेदार तलाशने का मौका मिलेगा। वर्ष 2023 में शुरू हुआ यह आयोजन अब प्रदेश के कारोबारियों के लिए बड़े व्यापारिक मंच के रूप में स्थापित हो चुका है। इस बार मेरठ की खासियत यह होगी कि यहां के पारंपरिक कारोबार के साथ नई पीढ़ी के उद्यमी और स्टार्टअप भी अपनी कारोबारी क्षमता दिखाएंगे।

क्रिकेट बैट से हैंडबाल तक मेरठ का खेल हुनर

मेरठ को एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना में खेल उत्पादों के लिए पहचान मिली है। ट्रेड शो में क्रिकेट बैट, फुटबॉल, हैंडबाल समेत विभिन्न खेल सामग्री और उपकरण प्रदर्शित किए जाएंगे। मेरठ की खेल सामग्री देश के साथ विदेशों में भी इस्तेमाल होती है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने सीधे उत्पाद प्रदर्शित करना उद्यमियों के लिए बड़े कारोबारी अवसर पैदा कर सकता है।

पहली बार फूड कोर्ट में दिखेगा मेरठ का स्वाद

ट्रेड शो के चौथे संस्करण में पहली बार एक जिला, एक व्यंजन (ओडीओसी) के तहत फूड कोर्ट भी लगाए जा रहे हैं। यहां मेरठ की पारंपरिक खाद्य पहचान को देश-विदेश से आने वाले मेहमानों तक पहुंचाया जाएगा। गजक-रेवड़ी और नानखटाई के साथ मेरठ के मसाले और शहद भी फूड कोर्ट में आकर्षण का केंद्र रहेंगे। ओडीओसी के तहत चयनित उद्यमियों को स्टॉल निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इससे छोटे खाद्य कारोबारियों को अपने उत्पाद बड़े बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

45 में 30 नए चेहरे, नई पीढ़ी पर दांव

जिला उद्योग केंद्र ने ट्रेड शो के लिए मेरठ के 45 उद्यमियों का चयन किया है। इनमें 30 नए उद्यमी हैं, जबकि 15 ऐसे उद्यमी हैं जिन्होंने वर्ष 2022 से पहले उद्योग स्थापित किया था। चयन में नए उद्यमियों को भी अवसर दिया गया है। चयनित प्रतिभागियों में 12 ओडीओपी, तीन ओडीओसी और 10 एमएसएमई योजना के तहत शामिल उद्यमी हैं। महिला उद्यमियों और स्टार्टअप को भी मंच दिया जा रहा है। यानी ट्रेड शो में मेरठ के पुराने कारोबार की मजबूती के साथ युवा उद्यमियों की नई सोच भी दिखाई देगी।

नौ वर्ग मीटर तक का स्टॉल

उपायुक्त उद्योग अमरेश कुमार पांडे ने बताया कि चयनित उद्यमियों को नौ वर्ग मीटर तक के स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे। ओडीओसी योजना के तहत चयनित उद्यमियों को स्टॉल निशुल्क मिलेगा। उन्होंने कहा कि ट्रेड शो मेरठ के उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने और नए खरीदारों से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस बार मेरठ सिर्फ बल्ले से चौका लगाने नहीं जा रहा, बल्कि अपने हुनर, स्वाद और उद्यमिता के दम पर वैश्विक बाजार में भी 'चौका' लगाने की तैयारी में है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi