MI Vs PBKS Head To Head: आईपीएल 2026 का 24वां मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में संघर्ष कर रही मुंबई इंडियंस के लिए यह मैच बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाला है, क्योंकि सामने श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स शानदार फॉर्म में है।
मुंबई इंडियंस ने सीजन की शुरुआत कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ की थी, जहां टीम ने 221 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 224 रन बनाकर जीत दर्ज की थी। लेकिन इसके बाद टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता चला गया। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग-तीनों विभागों में टीम संघर्ष करती नजर आ रही है।
एमआई ने अब तक 4 मैचों में से 3 में हार झेली है और अंकतालिका में नौवें स्थान पर है। ऐसे में पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत हासिल करना टीम के लिए बेहद जरूरी हो गया है। हालांकि, इस मैच में रोहित शर्मा का खेलना संदिग्ध माना जा रहा है। यदि वह नहीं खेलते हैं तो रयान रिकेल्टन और क्विंटन डी कॉक पारी की शुरुआत कर सकते हैं। सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ियों पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट से शुरुआती विकेट निकालने की उम्मीद रहेगी।
दूसरी ओर, पंजाब किंग्स इस सीजन में अब तक अपराजित रही है। टीम ने 4 मैचों में 7 अंक हासिल किए हैं और अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम हर विभाग में संतुलित नजर आ रही है। बल्लेबाजी में प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली शानदार फॉर्म में हैं, जबकि गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल और जेवियर बार्टलेट लगातार प्रभावी प्रदर्शन कर रहे हैं। मार्कस स्टोइनिस और मार्को यानसन टीम को ऑलराउंड मजबूती दे रहे हैं। हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 34 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें दोनों ने 17-17 मैच जीतकर बराबरी कायम रखी है। रोहित शर्मा ने पंजाब किंग्स के खिलाफ सर्वाधिक 634 रन बनाए हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह ने 18 मैचों में 24 विकेट झटके हैं।
वानखेड़े स्टेडियम की पिच हमेशा से बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है और छोटी बाउंड्री के कारण यहां बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। मौसम साफ रहने की उम्मीद है और बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में एक हाई-स्कोरिंग और रोमांचक मुकाबले की पूरी उम्मीद है, जहां दोनों टीमें जीत के लिए पूरा जोर लगाएंगी।

