Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Moradabad News: रक्षाबंधन पर महिलाओं को तीन दिन मुफ्त बस यात्रा, मुरादाबाद में अतिरिक्त बसों की मांग

Moradabad News: रक्षाबंधन पर महिलाओं को तीन दिन मुफ्त बस यात्रा, मुरादाबाद में अतिरिक्त बसों की मांग

Newstrack 2 weeks ago

Moradabad News: भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को तीन दिनों तक रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है।

सरकार की इस पहल का उद्देश्य त्योहार के मौके पर महिलाओं को अपने मायके और परिवार तक सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से पहुंचने में मदद करना है।इसके साथ ही 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए आजीवन निशुल्क रोडवेज बस यात्रा की सुविधा शुरू किए जाने की घोषणा की गई है। सरकार के इस फैसले को महिलाओं के लिए बड़ी राहत और सम्मान के तौर पर देखा जा रहा है।

रक्षाबंधन के मौके पर मुरादाबाद रोडवेज बस अड्डे पर भी इसका असर दिखाई दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं बसों से अपने गंतव्य की ओर रवाना होती नजर आईं। महिलाओं ने सरकार के इस फैसले की जमकर सराहना की और कहा कि रक्षाबंधन पर मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलने से उन्हें आर्थिक राहत मिली है।हालांकि, बस अड्डे पर पहुंची महिलाओं ने एक बड़ी समस्या की ओर भी ध्यान दिलाया। महिलाओं का कहना है कि रक्षाबंधन पर यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले काफी बढ़ गई है, लेकिन यात्रियों की भीड़ के हिसाब से बसों की संख्या पर्याप्त नहीं है। बसों के इंतजार में महिलाओं और अन्य यात्रियों को काफी देर तक खड़ा रहना पड़ रहा है।

महिलाओं ने रोडवेज विभाग और प्रशासन से मांग की है कि रक्षाबंधन के दौरान अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाए, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो। उनका कहना है कि सरकार ने मुफ्त यात्रा की सुविधा देकर अच्छी पहल की है, लेकिन इस सुविधा का पूरा लाभ तभी मिलेगा, जब पर्याप्त संख्या में बसें उपलब्ध हों।फिलहाल, रक्षाबंधन को लेकर मुरादाबाद रोडवेज बस अड्डे पर यात्रियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की सुविधा जहां राहत का कारण बनी है, वहीं बसों की संख्या बढ़ाने की मांग भी जोर पकड़ रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi