Muzaffarnagar News: दिल्ली पुलिस ने आईएसआई से जुड़े छह संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो संदिग्धों की पहचान मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली थाना क्षेत्र के अन्ति गांव निवासी दानिश उर्फ चांद मियां और सलमान के रूप में बताई जा रही है।
दोनों के नाम सामने आने के बाद गांव में हलचल मच गई है। वहीं परिजन अपने बच्चों को बेगुनाह बताते हुए दावा कर रहे हैं कि उन्हें साजिश के तहत इस मामले में फंसाया गया है।
दोनों दोस्त थे, दिल्ली में अलग-अलग काम करते थे
बताया जा रहा है कि सलमान और दानिश उर्फ चांद मियां आपस में दोस्त हैं। सलमान दिल्ली में रहकर फर्नीचर का काम करता था, जबकि दानिश उर्फ चांद मियां सोलर पैनल लगाने का काम करता था। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले दोनों गांव में मौजूद थे। इसी दौरान सलमान के पास चांद मियां का फोन आया, जिसके बाद दोनों गांव से दिल्ली के लिए निकल गए। इसके बाद परिजनों को सूचना मिली कि दिल्ली पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
परिजनों का दावा, दोनों पर पहले कोई मुकदमा दर्ज नहीं था
परिजनों के अनुसार सलमान इंटरमीडिएट तक पढ़ा हुआ है, जबकि दानिश उर्फ चांद मियां ने सरकारी स्कूल से पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई की है। परिवार का कहना है कि दोनों के खिलाफ पहले कभी कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। दोनों मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते थे और उनका किसी आपराधिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं था।
दानिश की मां बोलीं, 30 हजार रुपये का लालच दिया गया था
दानिश उर्फ चांद मियां की मां गुलिस्ता ने बताया कि उनका बेटा बेहद सीधा-सादा है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे को किसी का फोन आया था, जिसमें कहा गया कि 30 हजार रुपये दिए जाएंगे और एक जगह से कुछ सामान लाना होगा। उनके मुताबिक उनके बेटे को यह भी नहीं पता था कि वह सामान क्या है। उन्होंने कहा कि दोनों युवक सामान लेने जा ही रहे थे कि उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
गुलिस्ता ने बताया कि पहले उनके बेटे को गांव का ही एक युवक यह कहकर अपने साथ ले गया था कि किसी ठेकेदार पर उसके पांच हजार रुपये बाकी हैं और पैसे लेने चलना है। बेटे ने पहले मना किया, लेकिन दूसरे युवक ने कहा कि थोड़ी देर का काम है और एक-दो घंटे में वापस आ जाएंगे। इसके बाद वह उसके साथ चला गया। दो-तीन दिन तक बेटे का कोई पता नहीं चला और फोन भी नहीं लग रहा था। बाद में दिल्ली से फोन आया कि दानिश और सलमान को पुलिस ने पकड़ लिया है।
उन्होंने बताया कि जब वह दिल्ली पहुंचीं तो पुलिस ने उनसे कहा कि अच्छा हुआ बच्चों के पास कुछ नहीं मिला, नहीं तो उनकी कोई बख्शीश नहीं थी। इसके बाद बेटे ने उन्हें बताया कि किसी ने फोन करके 30 हजार रुपये देने की बात कही थी और किसी जगह से सामान लाने के लिए बुलाया था। उन्हें यह नहीं पता था कि सामान क्या था। गुलिस्ता ने बताया कि उनका बेटा बैनर लगाने का काम करता है और अपने भाइयों के साथ जहां काम मिलता है, वहां चला जाता है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा केवल पांचवीं तक पढ़ा है और बहुत सीधा-सादा लड़का है।
सलमान की बहन ने कहा, भाई को बेवजह पकड़ा गया
सलमान की बहन दरक्षा ने बताया कि उनके भाई को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की ओर से फोन कर उन्हें इसकी जानकारी दी गई। जब उन्होंने गिरफ्तारी की वजह पूछी तो बताया गया कि किसी गैंग से उसका नाम जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से बम मिलने की भी बात कही गई, लेकिन उनका भाई ऐसा कोई काम नहीं करता था।
दरक्षा ने बताया कि सलमान दिल्ली में अपने दूसरे भाई के साथ फर्नीचर का काम करता था। वह एक कारीगर से अपने पैसे लेने गया था। उसी दौरान गांव के रहने वाले चांद मियां का फोन आया। सलमान उस समय घर पर खाना खा रहा था, लेकिन फोन आने के बाद खाना छोड़कर यह कहकर चला गया कि पैसे लेने जा रहा है। उन्होंने कहा कि चांद गांव का ही रहने वाला है, लेकिन उसके बारे में उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं है।
उन्होंने बताया कि परिवार में दो बहनें और पांच भाई हैं। पिता का इंतकाल हो चुका है। दो भाई फर्नीचर का काम करते हैं, एक भाई घर पर रहता है और दो भाई पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका भाई इंटर पास है और परिवार बेहद गरीब है। उन्होंने कहा कि उनका भाई बेकसूर है और उसे छोड़ दिया जाना चाहिए।
सूचना मिलते ही मुजफ्फरनगर पुलिस और एलआईयू ने शुरू की जांच
मामले की जानकारी मिलते ही मुजफ्फरनगर पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई। स्थानीय पुलिस और एलआईयू की टीम दोनों संदिग्धों के घर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है।
एसपी सिटी अमृत जैन बोले
मुजफ्फरनगर के एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि समाचार पत्रों के माध्यम से जानकारी मिली कि दिल्ली में सक्रिय एक आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने किया है। दिल्ली पुलिस के एडिशनल डीसीपी ने भी प्रेस वार्ता कर इस संबंध में जानकारी साझा की थी। गिरफ्तार किए गए छह लोगों में से दो का संबंध मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र के अन्ति गांव से है। इनमें एक का नाम सलमान और दूसरे का नाम चांद मियां है।
उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया अब तक जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार दोनों युवक दिल्ली में रहकर इस तरह की गतिविधियों में शामिल थे। उनके पास से दिल्ली पुलिस ने कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच दिल्ली पुलिस और मुजफ्फरनगर पुलिस स्वतंत्र रूप से कर रही हैं। जांच में जो भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी और उसकी जानकारी भी साझा की जाएगी।

