Dailyhunt
Nandigram TMC Complaint: टीएमसी ने पुलिस पर लगाया दबाव बनाने का आरोप, चुनाव आयोग को लिखा पत्र

Nandigram TMC Complaint: टीएमसी ने पुलिस पर लगाया दबाव बनाने का आरोप, चुनाव आयोग को लिखा पत्र

Newstrack 1 week ago

Nandigram TMC Complaint: अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में पुलिस पर कथित उत्पीड़न और दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं। पार्टी की तरफ से पश्चिम बंगाल के राज्य चुनाव आयोग को इस मामले को लेकर पत्र लिखा गया है।

पार्टी ने चुनाव आयोग को भेजे गए पत्र में कहा कि 23 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले नंदीग्राम ब्लॉक-1 में टीएमसी नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ लगातार छापेमारी और धमकाने की घटनाएं हो रही हैं।

पार्टी के अनुसार, 5 अप्रैल से पुलिस द्वारा उनके नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के घरों पर बार-बार छापे मारे जा रहे हैं। कई प्रमुख नेताओं को डर के कारण अपने घर छोड़कर छिपना पड़ा है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि रात के समय बिना वारंट और उचित कारण के तलाशी और स्थानीय लोगों को धमकाने जैसी घटनाएं हो रही हैं।

टीएमसी ने कहा कि इन कार्रवाइयों से चुनाव प्रक्रिया पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और यह चुनाव आयोग के निर्देशों का उल्लंघन है। पार्टी ने इसे सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग बताते हुए कहा कि चुनाव के समय प्रशासन और पुलिस को निष्पक्ष रहना चाहिए।

पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि इन घटनाओं के पीछे नंदीग्राम के वर्तमान विधायक सुवेंदु अधिकारी का प्रभाव हो सकता है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में पार्टी की संगठनात्मक स्थिति को कमजोर करना है।

टीएमसी ने चेतावनी दी कि इस माहौल का फायदा उठाकर बूथ कैप्चरिंग, फर्जी वोटिंग और मतदाताओं को डराने जैसी संभावित चुनावी गड़बड़ियों को अंजाम दिया जा सकता है।

पार्टी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि पुलिस की अवैध कार्रवाई की जांच की जाए, प्रशासन और पुलिस को तुरंत कार्रवाई रोकने के निर्देश दिए जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाए।

टीएमसी ने कहा कि इस मुद्दे की तत्काल सुनवाई और कार्रवाई आवश्यक है, ताकि नंदीग्राम में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किया जा सके।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi