Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Pilibhit News: पीलीभीत में सड़क निर्माण की मांग पर प्रदर्शन, 40 लोगों पर मुकदमा

Pilibhit News: पीलीभीत में सड़क निर्माण की मांग पर प्रदर्शन, 40 लोगों पर मुकदमा

Newstrack 1 week ago

पीलीभीत में सड़क निर्माण की मांग पर प्रदर्शन, 40 लोगों पर मुकदमा (Photo- Newstrack)

Protest demanding road construction in Pilibhit, 40 people prosecuted

Pilibhit News: पीलीभीत में विकास कार्यों को लेकर विरोध करना ग्रामीणों को भारी पड़ गया।

गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। इसके बाद पांच नामजद समेत 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। एफआईआर दर्ज होने के विरोध में सोमवार को सैकड़ों ग्रामीण डीएम कार्यालय पहुंचे और घेराव कर कार्रवाई का विरोध किया। ग्रामीणों ने मुकदमा वापस लेने की मांग की।

सड़क निर्माण की मांग को लेकर हुआ था प्रदर्शन

मामला थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के मरौरी ब्लॉक स्थित बेहरी गांव का है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पिछले कई सालों से सड़क की हालत खराब है और सड़क निर्माण की मांग लगातार की जा रही है। बरसात के दिनों में सड़क पर जलभराव होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव से अमरिया तक जाने वाला मुख्य रास्ता भी बदहाल है, लेकिन उनकी समस्या को लेकर सुनवाई नहीं हो रही थी।

ग्रामीणों के अनुसार बीते दिनों गन्ना राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार गांव पहुंचे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने नदी के कटान और गांव के भीतर जाने वाली खराब सड़क की समस्या उनके सामने रखी थी। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन बरसात के दिनों में भी सड़क की हालत नहीं सुधरी।

मांग पूरी नहीं हुई तो टंकी पर चढ़ गया युवक

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन भी दिया गया था। इसके बावजूद जब कोई समाधान नहीं हुआ तो गांव के लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान गांव निवासी वीरेश कश्यप भी अपने साथी ग्रामीणों के साथ मौजूद थे। इसी दौरान एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया और विरोध जताने लगा।

युवक के टंकी पर चढ़ने के बाद नीचे मौजूद ग्रामीण उसे समझाते रहे। काफी देर तक समझाने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने युवक को समझाया और सड़क निर्माण को लेकर आश्वासन दिया। इसके बाद युवक टंकी से नीचे उतर आया।

पांच नामजद समेत 35 अज्ञात पर दर्ज हुआ मुकदमा

युवक के टंकी पर चढ़ने के मामले में मरौरी ब्लॉक में तैनात वीडीओ पंचायत मेहरबान सिंह की तहरीर पर थाना सुनगढ़ी में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक पांच नामजद और 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ नियम विरुद्ध तरीके से पानी की टंकी और सरकारी भवन पर चढ़ने, आत्महत्या की धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का प्रयास जैसी धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले में कार्रवाई की बात कह रही है।

वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि विकास कार्यों की मांग को लेकर आवाज उठाने पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया। ग्रामीणों ने इसे गलत बताते हुए एफआईआर वापस लेने की मांग की है।

सैकड़ों ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय का किया घेराव

मुकदमे के विरोध में बेहरी गांव से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण डीएम कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने कार्यालय का घेराव करते हुए दर्ज मुकदमे पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि गांव में विकास कार्य नहीं होने के कारण उन्हें मजबूर होकर प्रदर्शन करना पड़ा। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की समस्या का समाधान कराने और दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग की।

नत्थू लाल ने कहा कि एक युवक टंकी पर चढ़ गया था और इसी मामले में पांच लोगों के खिलाफ भी झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि युवक इसलिए टंकी पर चढ़ा था क्योंकि गांव में विकास कार्य नहीं हुए हैं। उनके क्षेत्र की सड़क काफी समय से जर्जर पड़ी है और जलभराव के कारण आए दिन परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि गांव की मुख्य सड़क नहीं बनी है और इसी रास्ते से अमरिया तक लोग आते-जाते हैं, लेकिन उनकी समस्या पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

दो महीने से खराब सड़क को लेकर दे रहे थे ज्ञापन

ग्रामीण वीरेश ने बताया कि उन्हें धरने पर इसलिए बैठना पड़ा क्योंकि पिछले दो महीनों से गांव की खराब सड़क को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन दिया जा रहा था। बरसात के कारण सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। वीरेश का कहना है कि जब गांव के लोगों ने सड़क की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन किया तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की जर्जर सड़क का निर्माण कराया जाए और प्रदर्शन के मामले में दर्ज मुकदमे को वापस लिया जाए। उनका कहना है कि उनका विरोध विकास कार्यों की मांग को लेकर था और वे लंबे समय से सड़क की समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi