Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Pratapgarh News: टीजीटी परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए सीआरओ ने की तैयारियों की समीक्षा बैठक

Pratapgarh News: टीजीटी परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए सीआरओ ने की तैयारियों की समीक्षा बैठक

Newstrack 2 weeks ago

Pratapgarh News: जनपद में आयोजित होने वाली प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टी.जी.टी.) लिखित परीक्षा को नकल विहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय कुमार तिवारी ने सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में दिनांक 03 एवं 04 जून 2026 को टीजीटी परीक्षा 33 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें 13,696 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी, जिसमें प्रथम पाली पूर्वाह्न 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी।बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि टीजीटी परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों तथा केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों पर मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों, पेयजल, ओआरएस, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं साफ-सफाई की विशेष निगरानी रखी जाए। यदि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत पाई जाती है, तो कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।मुख्य राजस्व अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूरी तरह नकल विहीन एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने ड्यूटी में लगे अधिकारियों से कहा कि वे एक दिन पूर्व समय से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और जो भी कमियां पाई जाएं, संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें दुरुस्त करा लें। उन्होंने कहा कि टीजीटी परीक्षा हेतु जो बुकलेट उपलब्ध कराई गई है, उसे ड्यूटी में लगे अधिकारी गहनता से अध्ययन कर लें, जिससे परीक्षा को नकल विहीन एवं शुचिता पूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।बैठक में सह जिला विद्यालय निरीक्षक आर.पी. सरोज सहित सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi