Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Prayagraj News: प्रयागराज में शिशु सदन और महिला शरणालय का औचक निरीक्षण, दिए निर्देश

Prayagraj News: प्रयागराज में शिशु सदन और महिला शरणालय का औचक निरीक्षण, दिए निर्देश

Newstrack 3 months ago

प्रयागराज में शिशु सदन और महिला शरणालय का औचक निरीक्षण, दिए निर्देश (Photo- Newstrack)

Visual inspection of Shishu Sadan and Women's Shelter in Prayagraj, instructions given

Prayagraj News: प्रयागराज में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) उपमा पाण्डेय ने शनिवार को मध्यान्ह लगभग 12 बजे शिशु सदन, बालिका संरक्षण गृह एवं महिला शरणालय का संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान में उपलब्ध सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही वहां रह रहे बच्चों, महिलाओं और बालिकाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

मूक-बधिर महिलाओं की हस्तकला प्रतिभा की सराहना

निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि संस्थान में रह रही मूक-बधिर महिलाएं हस्तकला के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। वे उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए प्रशिक्षण के माध्यम से अपने हुनर को निखार रही हैं और कई तरह की हस्तनिर्मित वस्तुएं तैयार कर रही हैं। अपर जिलाधिकारी ने उनके कार्यों का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।

स्पेशल एजुकेटर की जरूरत पर दिए आवश्यक निर्देश

इस दौरान संस्था प्रभारी ने मूक-बधिर महिलाओं के प्रशिक्षण और कौशल विकास के लिए स्पेशल एजुकेटर की आवश्यकता से अपर जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर उपमा पाण्डेय ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द स्पेशल एजुकेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सभी व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक

अपर जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान मूक-बधिर महिलाओं और बच्चों से बातचीत कर संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मूक-बधिर बच्चों, महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना चाहिए। यदि किसी विशेष परिस्थिति में अतिरिक्त संसाधनों की आवश्यकता हो तो उच्चाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

खान-पान, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर

निरीक्षण के अंत में अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में किसी भी निरीक्षण के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह उपलब्ध रहनी चाहिए। उन्होंने संस्थान में गुणवत्तापूर्ण खान-पान, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था हर समय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्थान में रह रहे बच्चों, महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi