Raghav Chadha controversy: आम आदमी पार्टी और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बीच छिड़ा घमासान अब किसी फिल्मी 'ब्लॉकबस्टर' ड्रामे में तब्दील हो गया है। पार्टी के पूर्व नेता नवीन जयहिंद ने इस पूरे विवाद को 'घातक' फिल्म के किरदारों से जोड़ते हुए एक ऐसा बयान दिया है, जिसने दिल्ली से लेकर पंजाब तक की सियासत में आग लगा दी है।
जयहिंद का दावा है कि राघव चड्ढा खुद को 'काशीनाथ' और अरविंद केजरीवाल को 'कातिया' समझ रहे हैं। उनके मुताबिक, यह पूरी लड़ाई किसी विचारधारा या सिद्धांतों की नहीं, बल्कि शुद्ध रूप से 'माल की उगाही' और भ्रष्टाचार के पैसों के बंटवारे की है।
सिंगापुर का पैसा इंग्लैंड पहुंचा? 'मुर्गा' बनाकर पिटाई का दावा
नवीन जयहिंद ने राघव चड्ढा पर बेहद गंभीर और निजी हमले करते हुए दावा किया कि राघव, केजरीवाल के सबसे बड़े 'मालदार और राजदार' हैं। उन्होंने एक चौंकाने वाला आरोप लगाया कि पंजाब और दिल्ली से उगाही किए गए करोड़ों रुपये को सिंगापुर पहुंचाना था, लेकिन राघव उस पैसे को लेकर इंग्लैंड चले गए। जयहिंद के मुताबिक, इसी 'धोखाधड़ी' की वजह से दिल्ली में राघव को 'मुर्गा' बनाकर पीटा गया था और बाद में चंडीगढ़ की एक गुप्त कोठी में भी उनके साथ मारपीट की गई थी। उन्होंने दावा किया कि राघव की आंखों में जो चोट लगी थी, वह कोई इन्फेक्शन नहीं बल्कि इसी पिटाई का नतीजा थी, जिसका इलाज कराने उन्हें मजबूरी में विदेश जाना पड़ा।
'घातक' संवाद के पीछे छिपी है बड़ी साजिश
राघव चड्ढा ने हाल ही में एक वीडियो जारी किया था जिसमें उन्होंने कहा था कि 'मैं घायल हूं, इसलिए घातक हूं।' इस पर पलटवार करते हुए नवीन जयहिंद ने कहा कि राघव इस संवाद के जरिए खुद को फिल्म का 'काशीनाथ' (सनी देओल) और केजरीवाल को विलेन 'कातिया' (डैनी) साबित करना चाह रहे हैं। जयहिंद ने ललकारते हुए कहा, "हे राघव! अब गांडीव उठाओ और सच बताओ कि पंजाब में आईएएस-आईपीएस के तबादलों और बड़े ठेकों से जो उगाही की थी, वह किसके लिए की थी?" उन्होंने आरोप लगाया कि राघव और केजरीवाल के बीच अब वही रिश्ता रह गया है जो एक फिल्म के नायक और खलनायक के बीच होता है।
नार्को टेस्ट से खुलेगा भ्रष्टाचार का कच्चा चिट्ठा
पूर्व आप नेता ने इस विवाद को सुलझाने के लिए एक अनोखा सुझाव दिया है। उन्होंने मांग की है कि अरविंद केजरीवाल और राघव चड्ढा, दोनों का 'नार्को टेस्ट' कराया जाना चाहिए। जयहिंद का कहना है कि नार्को टेस्ट होते ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा और जनता को पता चल जाएगा कि भ्रष्टाचार का असली खिलाड़ी कौन है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिणीति चोपड़ा से शादी के बाद राघव के सितारे गर्दिश में चले गए और अब पार्टी के अंदर ही उनके खिलाफ बिसात बिछाई जा चुकी है। उनके मुताबिक, पार्टी अब जनता को गुमराह करने के लिए झूठे आरोप लगा रही है, जबकि असली मुद्दा सिर्फ और सिर्फ पैसा है।
पार्टी के तीन आरोप और राघव का 'बेगुनाही' का दावा
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा पर तीन गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें राज्यसभा में पार्टी के उपनेता पद से हटा दिया है। इसके जवाब में राघव ने वीडियो जारी कर खुद को बेगुनाह बताया और इसे अपने खिलाफ एक बड़ी साजिश करार दिया है। राघव का कहना है कि वह संसद में जनता की आवाज उठाने गए थे और उनके खिलाफ फैलाया जा रहा झूठ एक दिन जरूर बेनकाब होगा। उन्होंने कहा कि वह चुप रह सकते थे, लेकिन जब एक झूठ को सौ बार बोला जाए तो वह सच लगने लगता है, इसलिए उन्होंने जवाब देना जरूरी समझा। अब देखना यह है कि यह 'घातक' जंग किसका करियर खत्म करती है।

