Sant Kabir Nagar News: जनपद के हैसर बाजार स्थित धनघटा नगर पंचायत कार्यालय में मंगलवार को आयोजित एक गरिमामयी समारोह में तीन नवनिर्वाचित सभासदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। एसडीएम डॉ. सुनील कुमार ने लक्ष्मी नारायण दुबे, अशोक यादव उर्फ साधु यादव और दिलीप अग्रहरि को औपचारिक रूप से शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक गणेश चंद्र चौहान उपस्थित रहे। नगर पंचायत अध्यक्ष रिंकू मणि ने विधायक का माल्यार्पण कर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान कार्यालय परिसर समर्थकों के नारों से गुंजायमान रहा। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि नगर पंचायत के विकास में सभासदों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित सदस्य अपनी ऊर्जा और दृष्टि से क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
एसडीएम डॉ. सुनील कुमार ने सभी सदस्यों को उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की अपील की। इस अवसर पर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नीलमणि गौतम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमर राय, गणेश पांडे, अनिरुद्ध शुक्ला, अनिल जायसवाल, ओम प्रकाश राय, विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र राय, अरविंद सिंह, अंकुर पांडे, सच्चिदानंद निगम, बबलू यादव और सिंटु राय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

