Siddharthnagar News: डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बड़वा परसा में सोमवार को पीडब्ल्यूडी मार्ग से पूर्व प्रधान मोहम्मद उमर के घर तक विधायक निधि से निर्मित 425 मीटर लंबी सीसी सड़क का विधायक डुमरियागंज सैय्यदा खातून द्वारा लोकार्पण किया गया।कार्यक्रम के दौरान एक पीडीए जन चौपाल का भी आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याएं खुल कर रखीं।
सड़क, नाली, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिस पर आश्वासन दिया गया कि सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित डुमरियागंज विधायक सैय्यदा खातून ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, "हमारा उद्देश्य केवल सड़क बनाना नहीं, बल्कि हर गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवाओं के अधिकारों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है।"उन्होंने आगे कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जनप्रतिनिधित्व सौंपा है, वह उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। "हमारा संकल्प है कि हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और किसी भी व्यक्ति को मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े।कार्यक्रम में सपा नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

