Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से ऑपरेशन कवच के तहत थाना मोहाना पुलिस द्वारा एसएसबी एवं इंडो-नेपाल सीमावर्ती ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश के क्रम में तथा अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मोहाना जितेंद्र सिंह ने एसएसबी कैंप ककरहवा में बैठक कर उपस्थित लोगों को ऑपरेशन कवच के उद्देश्यों से अवगत कराया।
बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों को उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
अपराध एवं तस्करी जैसी गतिविधियों पर रहेगी नजर
थानाध्यक्ष ने कहा कि सीमा क्षेत्र की सुरक्षा में स्थानीय नागरिकों और ग्राम सुरक्षा समितियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुलिस, एसएसबी और स्थानीय लोगों के समन्वय से ही सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध एवं तस्करी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
बैठक में उपस्थित सदस्यों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारियां प्रदान की गईं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर एसी एसएसबी ककरहवा अखिलेश कुमार, ऑपरेशन कवच प्रभारी गौरव सिंह, सीमा शुल्क ककरहवा के मुख्य आरक्षी शारदा प्रसाद त्रिपाठी, चौकी प्रभारी ककरहवा प्रदीप सिंह सहित एसएसबी, पुलिस, एलआईयू एवं सर्विलांस टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

