Sonbhadra News: सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक कितनी प्रभावी ढंग से पहुंच रहा है, इसकी जमीनी पड़ताल करने के लिए सोमवार को जनपद भ्रमण पर पहुंचे प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने विकास खंड नगवां के विभिन्न गांवों का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने हर घर नल योजना के तहत संचालित जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण कर योजना की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
प्रभारी मंत्री ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की रिपोर्ट पर निर्भर रहने के बजाय स्वयं ग्रामीणों के घरों तक पहुंचकर नलों की टोटी खोलकर पानी की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने देखा कि घरों में नियमित रूप से पानी पहुंच रहा है या नहीं तथा कहीं किसी प्रकार की तकनीकी या संचालन संबंधी समस्या तो नहीं है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलापूर्ति से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी अधिकारियों से ली।
मंत्री ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। ग्रामीणों ने बताया कि हर घर नल योजना के लागू होने के बाद पेयजल की समस्या में काफी कमी आई है। पहले जहां पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं अब घर पर ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। महिलाओं ने बताया कि योजना से उनके समय और श्रम की बचत हुई है, जिससे दैनिक जीवन काफी आसान हो गया है।ग्रामीणों ने जलापूर्ति व्यवस्था पर संतोष जताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि सरकार की इस योजना ने गांवों में रहने वाले परिवारों को बड़ी राहत दी है और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और किसी भी शिकायत का समयबद्ध समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक घर तक शुद्ध और पर्याप्त पेयजल पहुंचे तथा किसी भी गांव में पेयजल संकट की स्थिति न बनने पाए।इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, जल जीवन मिशन के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी रहे।

