Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Sonbhadra News: खाद्य सुरक्षा विभाग का सख्त अभियान, अवैध मीट दुकानों पर मुकदमा दर्ज

Sonbhadra News: खाद्य सुरक्षा विभाग का सख्त अभियान, अवैध मीट दुकानों पर मुकदमा दर्ज

Newstrack 2 weeks ago

Sonbhadra News: संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी, अस्वच्छ और बिना अनुमति संचालित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है।

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक व्यापक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की पड़ताल की। कार्रवाई के दौरान बिना लाइसेंस संचालित दो अवैध मीट दुकानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया, जबकि अन्य दुकानदारों को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी गई।

कटे फल, जूस और मिठाई की दुकानों पर चला निरीक्षण अभियान

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने अभियान के दौरान कटे फल बेचने वाले ठेलों, गन्ने के जूस की दुकानों, खुली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान यह देखा गया कि खाद्य पदार्थ स्वच्छ वातावरण में तैयार और सुरक्षित तरीके से रखे जा रहे हैं या नहीं। कई दुकानदारों को खाद्य सामग्री खुली रखने, पर्याप्त साफ-सफाई नहीं होने और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने पर कड़ी फटकार लगाई गई।अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थ हमेशा ढककर रखें, दुकान और आसपास का परिसर साफ रखें तथा किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित रसायन या हानिकारक पदार्थों का प्रयोग न करें। चेतावनी दी गई कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बिना लाइसेंस चल रही दो मीट दुकानें पकड़ी गईं

अभियान के दौरान ग्राम कचनरवा, थाना कोन क्षेत्र में संचालित दो मीट दुकानों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि दोनों प्रतिष्ठानों पर बिना खाद्य पंजीकरण और वैध लाइसेंस के मीट का कारोबार किया जा रहा था। इसे खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए संबंधित संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई।टीम ने दोनों संचालकों को भविष्य में बिना अनुमति कारोबार न करने की सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा नियमों का उल्लंघन मिलने पर और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने साफ किया कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों में लापरवाही, अस्वच्छता या मानकों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।विभाग का कहना है कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान जिलेभर में निरीक्षण, जांच और प्रवर्तन की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी। उद्देश्य यही है कि आम नागरिकों तक सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ पहुंचें तथा मिलावटखोरी और अवैध खाद्य कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newstrack Journalism Hindi