Sonbhadra News: जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ चल रही प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान सोमवार शाम उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब खनन विभाग की टीम ने एक ओवरलोड वाहन को रोका और मौके पर पहुंचे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
मामले में गाली-गलौज, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।
प्राविधिक सहायक (भूतत्व) प्रभाकर सिंह द्वारा प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच लोढ़ी क्षेत्र में खनन प्रवर्तन कार्य चल रहा था। इसी दौरान वाहन संख्या UP64AT8001, जो मोरम से भरी और ओवरलोड थी, को टीम ने रोक लिया। आरोप है कि वाहन स्वामी दिनेश पांडेय, सुरेश गुप्ता और उनके साथ आए अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर वाहन छोड़ने का दबाव बनाया और सरकारी कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की। उस समय चौकी इंचार्ज इको प्वाइंट फूलचंद निषाद सहित अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद थे।
करीब आधे घंटे बाद मामला और बिगड़ गया, जब एक सफेद-काली फॉर्च्यूनर और काली किआ गाड़ी से आधा दर्जन लोग मौके पर पहुंचे। इनमें पहले से मौजूद आरोपी भी शामिल थे। इन लोगों ने दोबारा हंगामा किया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि, खनन टीम ने कार्रवाई जारी रखते हुए ओवरलोड वाहन का चालान कर दिया। इसके बाद भी आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने की बात सामने आई है।
प्रार्थना पत्र में घटना का वीडियो साक्ष्य के रूप में संलग्न किए जाने का उल्लेख है। वहीं मौके से एक बाइक (UP64AZ6914) को कब्जे में लेकर थाने में जमा कराया गया है, साथ ही एक ओप्पो मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। खनन विभाग के कर्मचारी ने पुलिस से मांग की है कि मामले में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी कार्य में बाधा डालने और राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और अवैध खनन व दबंगई पर लगाम कसने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

